Badrinath Highway: पागलनाला में अवरुद्ध हुआ बदरीनाथ हाईवे, विभिन्न जगहों पर रोके गए 250 तीर्थयात्री
छिनका, पागलनाला, झड़कुला और जोशीमठ से आगे कई जगहों पर थोड़ी बारिश होने पर भी हाईवे बाधित हो रहा है। शनिवार को टंगणी क्षेत्र में शाम छह बजे के बाद भारी बारिश हुई, जिससे पागलनाला ऊफान पर आ गया। जिससे यहां भारी मात्रा में मलबा हाईवे पर आ गया।
विस्तार
बदरीनाथ हाईवे शनिवार को देर शाम पागलनाले में अवरुद्ध हो गया है। भारी बारिश के दौरान यहां टनों मलबा हाईवे पर आ गया है। देर शाम तक भी जेसीबी द्वारा मलबे का निस्तारण न किए जाने से हाईवे के दोनों ओर से फंसे करीब 250 तीर्थयात्रियों को समीप के होटलों में ठहराया गया है। अब रविवार को मौसम सामान्य होने पर ही तीर्थयात्रियों को गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा।
रुक-रुककर हो रही भारी बारिश से बदरीनाथ हाईवे कई जगहों पर खस्ता हालत में पहुंच गया है। छिनका, पागलनाला, झड़कुला और जोशीमठ से आगे कई जगहों पर थोड़ी बारिश होने पर भी हाईवे बाधित हो रहा है। शनिवार को टंगणी क्षेत्र में शाम छह बजे के बाद भारी बारिश हुई, जिससे पागलनाला ऊफान पर आ गया। जिससे यहां भारी मात्रा में मलबा हाईवे पर आ गया।
हाईवे को खोलने का काम जारी
सूचना मिलने पर एनएचआईडीसीएल की पौकलेंड मशीन और जेसीबी मशीनों को मौके पर भेजा गया। देर शाम तक भी मशीनें मलबे के निस्तारण में लगी रही। हाईवे के दोनों ओर से फंसे करीब 250 तीर्थयात्रियों को जगह-जगह होटलों में ठहराया गया है।
ये भी पढ़ें...Gaurikund landslide: हाईवे किनारे बनाई गई अस्थाई 40 दुकानों को प्रशासन ने किया ध्वस्त, 150 और हटाई जाएंगी
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि हाईवे को खोलने का काम जारी है। इधर, एनएचआईडीसीएल के सहायक अभियंता राजेश मौर्य ने बताया कि हाईवे पर भारी मात्रा में मलबा आ गया है। हाईवे को खोलने का काम जारी है। देर रात तक हाईवे को सुचारु कर लिया जाएगा।