21 जून को हर की पैड़ी पर बहेगी योग की गंगा, एक लाख लोगों के साथ योग करेंगे बाबा रामदेव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस बार 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर हर की पैड़ी पर योग की गंगा बहेगी। करीब एक लाख लोग गंगा तट पर योग करेंगे। श्री गंगा सभा के सहयोग से होने वाले इस आयोजन में कई जानी मानी हस्तियों के भी शिरकत करने का दावा किया जा रहा है। विश्व योग दिवस के प्रचार को स्वामी रामदेव स्वयं हरिद्वार में तीन दिन साइकिल चलाएंगे।
कनखल स्थित दिव्य योग मंदिर में स्वामी रामदेव ने गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ के साथ पत्रकारों को आयोजन के संबंध में जानकारी दी। स्वामी रामदेव ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में योग के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना है।
आयोजन में केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी मौर्य समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और फिल्म जगत से जुड़ी हस्तियों को भी बुलाया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार का योग दिवस नया कीर्तिमान रचेगा।
देशी पेय पदार्थ बचाएंगे प्रचंड गर्मी से
गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने इसे हरिद्वार के लिए गौरवमयी पल बताया। आयोजन को भव्यतम बनाने का हरसंभव प्रयास करने की बात दोहराई। उन्होंने सिद्धार्थ चक्रपाणि समेत गंगा सभा के अन्य पदाधिकारियों संग स्वामी रामदेव को गंगाजली भेंटकर उनका अभिनंदन भी किया।
स्वामी रामदेव ने देशभर में पड़ रही प्रचंड गर्मी से बचने के लिए कई उपाय भी बताए। कहा कि देशी पेय पदार्थ जैसे बेल शर्बत, खस शर्बत, ब्राह्मी शर्बत, गुलाब शर्बत, आम का पना, ठंडाई और पुदीने की चटनी आदि जरूर लें। लौकी के जूस को उन्होंने गर्मी में काफी लाभदायक बताया। ककड़ी, खीरा, तरबूज, आडू खाने और उनके शेक पीने की भी सलाह दी।
पवेलियन ग्राउंड में मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को सचिवालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड योग व आध्यात्म की भूमि है। इससे करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को विश्व स्तर पर पहचान दी है।
21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश में व्यापक स्तर योगाभ्यास की व्यवस्था की जाएगी। देहरादून में पवेलियन ग्राउंड पर योग दिवस के अवसर पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस योगाभ्यास कार्यक्रम में हजारों लोग प्रतिभाग करेंगे। इसके साथ प्रत्येक जनपद में भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलों व तहसील स्तर पर योगाभ्यास की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। योग दिवस के अवसर पर जनपदों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में संबंधित जनपदों के प्रभारी मंत्री मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयुष स्वास्थ्य, नगर निगम, पेयजल, पुलिस, शिक्षा आदि विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्यक्रम में योग से जुड़े विशेषज्ञों को सम्मानित करने की भी व्यवस्था की जाए। गत वर्ष एफआरआई देहरादून में आयोजित योग महोत्सव में प्रधानमंत्री मोदी ने स्वयं भागीदारी की थी। बैठक में आयुष मंत्री हरक सिंह रावत, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अनिल रतूड़ी, प्रमुख सचिव आनंद बर्धन, सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।