उत्तराखंड: केदारनाथ से कन्याकुमारी तक घुसपैठियों को बाहर निकालेंगे, अमित शाह बोले-राहुल बाबा की विरोध की नीति
हरिद्वार में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जो भारत का नागरिक नहीं, उसका नाम मतदाता सूची से कटना चाहिए। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा-राहुल बाबा ने विरोध की नीति बना ली है। हम आगे बढ़ते रहेंगे।
विस्तार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरिद्वार से उत्तराखंड विधानसभा चुनाव का शंखनाद करते हुए कहा कि केदारनाथ से लेकर कन्याकुमारी तक एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि राहुल बाबा ने विरोध की नीति अपना ली है लेकिन हम विकास पथ पर आगे बढ़ते रहेंगे।
शनिवार को हरिद्वार के बैरागी कैंप में जन-जन की सरकार
चार साल बेमिसाल कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य को 1100 करोड़ से अधिक की योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कहा कि जब मैं सीएए लाया था तब कांग्रेस, सपा, बसपा, ममता समेत सभी ने सदन में खूब हल्ला किया लेकिन मैंने साफ कहा कि हिंदू, सिक्ख, बौद्ध, जैन शरणार्थियों का देश पर उतना ही अधिकार है, जितना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का। राहुल बाबा को जितना विरोध करना है कर लो, हम नागरिकता देकर रहेंगे।
गृह मंत्री शाह ने कहा कि कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने में लगी रही, इधर धामी सरकार ने 10 हजार से ज्यादा अतिक्रमण उखाड़ फेंके। कहा, केदारनाथ धाम से लेकर कन्याकुमारी तक एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकालेंगे। राहुल बाबा को जितना विरोध करना है कर ले।
जो नागरिक नहीं, उसका वोट कटना चाहिए
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर को पूरा समर्थन करती है। जो भारत का नागरिक नहीं, उसका नाम मतदाता सूची से कटना चाहिए। एक स्वच्छ लोकतंत्र के लिए जरूरी है कि मतदाता सूची भी शुद्ध हो।सीएम धामी को बधाई दी, तीसरी बार मांगा जनता से मौका
कार्यक्रम में गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चार साल की सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि इस दौरान उन्होंने चुन-चुन कर एक-एक समस्या का समाधान किया है। फिर चाहे देश का पहला समान नागरिकता कानून हो या नकलरोधी कानून।
भाषण में त्रिवेंद्र का भी जिक्र
अमित शाह ने अपने भाषण में धामी सरकार के चार साल के साथ ही इससे पूर्व के मुख्यमंत्री व वर्तमान सांसद त्रिवेंद्र रावत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की दो सफल सरकार यहां रही हैं, अब तीसरी के लिए जनता को हमारा साथ देना है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
गृह मंत्री ने अपने भाषण में कांग्रेस पर सीधे तौर पर निशाना साधा। हरीश रावत स्टिंग प्रकरण, दलित छात्रवृत्ति घोटाला, कुमाऊं खाद्यान्न घोटाले का जिक्र करते हुए जनता से पूछा कि उन्हें तय करना है कि घोटालों वाली सरकार चाहिए या फिर से ऐसी सरकार जो नौ साल से बेदाग है। कहा कि जनता को तय करना है कि भ्रष्टाचार, अव्यवस्था, उत्तराखंड निर्माण विरेाधी कांग्रेस की सरकार चाहिए या धर्म, संस्कार, संस्कृति को सहेजकर विकास करने वाली भाजपा सरकार।
तब पर्ची और खर्ची चलती थी, अब नौकरी मिलती है
शाह ने कांग्रेस पर हमला बोला कि उनके जमाने में नौकरी के लिए पर्ची और खर्ची चलती थी लेकिन अब धामी सरकार ने सख्त नकलरोधी कानून बनाकर इसे बंद कर दिया है। पहाड़ के गरीब घर का मेधावी भी सरकारी नौकरी पा रहा है।
सबसे पहले संतों को प्रणाम, युवाओं को कहा-जिगर के टुकड़े
अमित शाह ने अपने संबोधन से पहले मंच से उठकर पहले संतों को हाथ जोड़कर प्रणाम किया। इसके बाद युवाओं को अपने साथ जोड़ने के लिए मेरे जिगर के टुकड़े कहकर पुकारा।