राजधानी के 45 हजार घरों पर अब भी मंडरा रहा खतरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रोजाना बड़ी संख्या में संदिग्ध और पॉजिटिव मरीज सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद सरकार के स्तर से डेंगू नियंत्रण के प्रभावी उपाय नहीं हो पा रहे हैं। आलम यह है कि अकेले राजधानी क्षेत्र में करीब 45 हजार घरों में अब भी डेंगू का खतरा बना हुआ है।
राजधानी में अब तक केवल 24,678 घरों को ही सैनिटाइज किया जा सका है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ओमप्रकाश ने बताया कि नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेंस समेत तमाम विभागों के कर्मियों की 150 अलग-अलग टीमें बनाई गई है, जो घर-घर जाकर सैनिटेशन का काम कर रही है।
राजधानी में कुल 70 हजार में से करीब 45 हजार भवन अभी तक असुरक्षित ही हैं। उन्होंने एक ही दिन में करीब नौ हजार घरों में सैनिटाइजेशन का दावा किया। बृहस्पतिवार को जहां 15866 घरों के सैनेटाइजेशन का दावा किया गया था, वहीं शुक्रवार को यह संख्या करीब नौ हजार बढ़कर 24,678 तक पहुंच गई। व्यापार मंडल प्रेमनगर अध्यक्ष राजीव पुंज ने बताया कि प्रेमनगर छावनी क्षेत्र में शुक्रवार को नगर निगम की टीम ने फॉगिंग की।
वहीं, शहर और नगर निगम की सीमा से लगे मोथरोवाला, बंजारावाला, आरकेडिया ग्रांट, जोगीवाला, नवादा, मोहकमपुर, माजरी माफी, नत्थनपुर, नेहरूग्राम, चंद्रबनी, मेहूवाला, हरबंशवाला, बड़ोवाला समेत करीब डेढ़ दर्जन गांवों में डेंगू नियंत्रण के उपाय नहीं होने पर नाराजगी है। नगर निगम अपनी सीमा में ही फॉगिंग और दवाओं का छिड़काव करा रहा है। जबकि स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई भी शहर क्षेत्र तक ही सिमटी है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू का खतरा बना हुआ है।
डेंगू रोगियों की संख्या बढ़कर 920 पहुंची
स्वास्थ्य महानिदेशालय से मिली जानकारी के मुताबिक देहरादून में बृहस्पतिवार को नौ रोगियों में डेंगू पॉजिटिव पाया गया। इसके साथ ही कुल रोगियों की संख्या 818 पहुंच गई है।
वहीं, प्रदेश में कुल मरीजों की संख्या 920 हो गई है। इसमें ज्यादातर मरीज राजीव नगर, करनपुर, डालनवाला, गुमानीवाला, शिवांग नगर, रेसकोर्स, रक्षा विहार, आदर्श नगर, आर्य नगर, शास्त्री विहार, अजबपुर, उमेश नगर, इंदिरा कॉलोनी, सहस्त्रधारा रोड, मोहिनी रोड, रेलवे कॉलोनी, त्यागी रोड और दीपलोक कॉलोनी क्षेत्र के हैं। वहीं, हरिद्वार में 59, नैनीताल में 30 और उत्तर प्रदेश के 13 रोगियों में डेंगू पाया गया है।
सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू नियंत्रण के प्रभावी उपाय किए जा रहे हैं। पहले डेंगू से ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों पर फोकस किया जा रहा है।
-डॉ. वाईएस थपलियाल, प्रभारी सीएमओ