दून में डेंगू के 23 नए मामलों से हड़कंप, संख्या बढ़कर 65 पहुंची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी के पथरीबाग क्षेत्र में डेंगू का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को 23 नए मामलों में डेंगू की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में विभागीय टीम मौके पर पहुंची और 87 अन्य लोगों के सैंपल लिए। राजधानी में अब तक डेंगू पीड़ितों की संख्या 65 तक पहुंच चुकी है। गौर करने वाली बात यह है कि सभी मरीज पथरीबाग क्षेत्र में ही मिले हैं।
बुधवार को आई एलाइजा रिपोर्ट में पथरीबाग क्षेत्र के 23 और लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। सोमवार को क्षेत्र में 88 लोगों के सैंपल लिए गए थे। खुद मुख्यमंत्री हरीश रावत ने क्षेत्र में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था।
साथ ही स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम को सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और श्री महंत इंदिरेश अस्पताल की टीम ने संयुक्त कैंप लगाकर 104 लोगों के सैंपल लिए थे।
दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 20 बेड
बुधवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर 87 लोगों के सैंपल लिए। प्रभारी सीएमओ डॉ. वाईएस थपलियाल ने बताया कि विभागीय टीम लगातार लोगों पर नजर बनाए हुए है। सभी डेंगू पीड़ितों और संदिग्धों के उपचार की व्यवस्था की जा रही है।
दूसरी ओर, बुधवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज टीचिंग अस्पताल में एक डेंगू पीड़ित को भर्ती किया गया। उसे प्राइवेट नर्सिंग अस्पताल से यहां शिफ्ट किया गया है। अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डॉ. केके टम्टा ने बताया कि आइसोलेशन वार्ड में 20 बेड डेंगू पीड़ितों के लिए आरक्षित किए गए हैं।