{"_id":"592ef6474f1c1b1466bdaf21","slug":"youth-killed-body-thrown-in-farm","type":"story","status":"publish","title_hn":"Youth killed, body thrown in farm","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
Youth killed, body thrown in farm
ब्यूरो /पीलीभीत
Updated Wed, 31 May 2017 10:28 PM IST
विज्ञापन
युवक की हत्या, शव खेत में फेंका
दोस्त के पास जाने को कहकर घर से निकले कोकिला गांव निवासी रामकिशोर की हत्या कर दी गई। उनका शव बुधवार सुबह पड़ोस के कबूलपुर गांव में गन्ने के खेत में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। उसके शव पर गले व सीने पर नुकीले व धारदार हथियार के निशान पाए गए। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस मामला प्रेम प्रसंग का मान रही है। इसी शक के आधार पर एक रिश्तेदार को हिरासत में ले लिया गया है। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के कोकिला गांव के निवासी रामकिशोर (35) पुत्र नंदलाल फेरी लगाकर बर्फ बेचते थे। मंगलवार देर शाम वह अपने मौसेरे भाई जगनिया (अमरिया) निवासी ओमप्रकाश के साथ बरेली से सामान लेकर घर लौटे थे। यहां खाना खाने के बाद रात साढ़े नौ बजे वह अपने दोस्त गांव में ही रहने वाले मुन्नालाल के पास जाने को कहकर अपने घर से निकले थे, जिसके बाद वह नहीं लौटे। देर रात तक इंतजार करने के बाद छोटा भाई घनश्याम कुछ ग्रामीणों के साथ रामकिशोर की तलाश में निकला। इस दौरान उसे मुन्नालाल के घर न पहुंचने की जानकारी हुई। इससे रात भर परिवार वाले इधर-उधर भटकते रहे। बुधवार सुबह कबूलपुर गांव उसके साढ़ू रामसिंह के पास पहुंचे। वहां पता चला कि रात में रामकिशोर एक युवक के साथ उनके घर पहुंचा था, लेकिन कुछ देर बाद दोनों चले गए। वे कहां गए किसी को इसकी जानकारी नहीं है। इसके कुछ देर बाद ही साढ़ू रामसिंह के मकान से चार सौ मीटर दूर रामेश्वर दयाल के गन्ने के खेत में रामकिशोर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। उसके गले व सीने पर नुकीले धारदार हथियार के निशान थे। इसकी सूचना पर इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन के बाद एक रिश्तेदार को संदिग्ध मानकर हिरासत में ले लिया, जिससे पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन