RR vs PBKS: पंजाब ने मैच जीता, राजस्थान ने दिल...काम नहीं आया सैमसन का शतक
- आईपीएल 2021 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को हराया
- संजू सैमसन ने शतक लगाया लेकिन राजस्थान को जीत दिलाने में नाकाम रहे
- राजस्थान की टीम 7 विकेट पर 217 रन ही बना सकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पहली बार आईपीएल में कप्तानी कर रहे राजस्थान रॉयल्स के संजू सैमसन (119) ने इस आईपीएल सीजन का पहला शतक तो जड़ दिया लेकिन पंजाब किंग्स के खिलाफ टीम को हार से न बचा सके। पंजाब की टीम अंतिम गेंद पर चार रन से जीतने में सफल रही।
रन से भरी पिच पर पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण पाकर पंजाब ने कप्तान लोकेश राहुल (91 रन, 50 गेंद) और दीपक हुड्डा के 28 गेंदों पर 64 रन की मदद से छह विकेट पर 221 रन बनाए। राजस्थान की टीम 7 विकेट पर 217 रन ही बना सकी। पंजाब ने मैच जरूर जीता लेकिन सैमसन की पारी क्रिकेट प्रेमियों का दिल जीतने में जरूर सफल रही होगी।
अंतिम ओवर में राजस्थान को 13 रन चाहिए थे। गेंद अर्शदीप के हाथों में थी। पहली तीन गेंदों पर दो रन आए थे लेकिन चौथी गेंद पर सैमसन ने छक्का जड़ दिया। अंतिम दो गेंदों पर पांच रन चाहिए थे सैमसन ने लांग ऑफ पर शॉट खेला।
मौरिस एक रन के लिए दौड़कर सैमसन के पास पहुंच भी गए थे लेकिन सैमसन ने अंतिम गेंद खुद खेलने के लिए उन्हें लौटा दिया। अब जीत के लिए अंतिम गेंद पर छक्का चाहिए था लेकिन सैमसन के प्रयास पर हुड्डा ने बाउंड्री पर कैच पकड़ लिया।
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान के ओपनर बेन स्टोक्स (00) और मनन वोहरा (12) जल्द लौट गए। कप्तान संजू सैमसन ने बटलर (25) के साथ तीसरे विकेट पर 45 रन जोड़े। संजू सैमसन ने प्रहार जारी रखे और 33 गेंदों पर अर्द्धशतक पूरा कर लिया। शिवम दुबे ने 23 रन का योगदान दिया लेकिन रियान पराग (25) ने सैमसन के साथ 22 गेंदों पर 52 रन जोड़कर राजस्थान की उम्मीदें कायम रखीं।
पराग को शमी ने विकेट के पीछे कैच करा दिया। अंतिम तीन ओवरों में 40 रन चाहिए थे। सैमसन ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर चार, फिर छह और फिर चौका लगाकर शाही अंदाज में शतक पूरा किया। तेवतिया (02) विकेट के पीछे लपके गए।
क्रिस गेल के 350 छक्के पूरे
इससे पहले राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले पंजाब को बल्लेबाजी पर उतारा था। यही दांव उल्टा पड़ गया। हालांकि मयंक (14) जल्द आउट हो गए थे लेकिन राहुल ने क्रिस गेल (40) के साथ मिलकर तेजी से 67 रन की साझेदारी की। गेल ने पारी में दो छक्के मारे जिसमें एक स्टोक्स और एक तेवतिया के ओवर में था। स्टोक्स पर लगाया उनका छक्का आईपीएल में ओवरऑल उनका 350वां छक्का था। उनके अब कुल 351 छक्के हो गए हैं। वेस्टइंडीज के बल्लेबाज का विकेट पराग के खाते में गया जब स्टोक्स ने उनका कैच पकड़ लिया।
राहुल-हुड्डा की शतकीय साझेदारी
गेल के आउट होने के बाद चौथे क्रम पर उतरे दीपक हुड्डा ने जल्द ही आक्रामक तेवर दिखाने शुरू कर दिए। राहुल और हुड्डा ने तीसरे विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी की। राहुल ने दुबे की गेंद पर छक्का मारकर तीस गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया।
दुबे के पारी के 13वें ओवर में हुड्डा ने भी दो छक्के जड़े। इस ओवर में 20 रन आए। अगले ओवर में हुड्डा ने गोपाल को निशाना बनाया और तीन छक्के लगाए। एक छक्का उन्होंने मौरिस पर भी जड़ा।
अंतिम 8 ओवरों में टीम ने 111 रन बनाए। हुड्डा पिछली आईपीएल के बाद पहला मैच खेल रहे थे। तब नवंबर में उन्होंने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 62 रन की पारी खेली थी। उसके बाद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने क्रुणाल के साथ हुए विवाद के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था।
राजस्थान ने रनों से भरी पिच पर पंजाब के बल्लेबाजों को रोकने के लिए आठ गेंदबाजों को आजमाया। आईपीएल में पहला मैच खेल रहे चेतन सकारिया ने तीन और क्रिस मौरिस ने दो विकेट लिए।
119 रन की पारी खेली राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन ने
- 91 रन बनाए 50 गेंदों पर लोकेश राहुल ने जिसमें सात चौके और पांच छक्के थे
- 64 रन बनाए दीपक हुड्डा ने 28 गेंदों पर जिसमें चार चौके और छह छक्के थे