Team India: ईशान किशन को भारतीय टेस्ट टीम में भी शामिल करने की मांग तेज, इस पूर्व चयनकर्ता ने उठाए सवाल
पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा है कि ईशान किशन टेस्ट क्रिकेट में भी सफल हो सकते हैं, लेकिन भारतीय टीम में फिलहाल उनके लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने चयन प्रक्रिया और खिलाड़ियों के मौके को लेकर भी टिप्पणी की।
विस्तार
पूर्व भारतीय कप्तान और चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा है कि ईशान किशन टेस्ट क्रिकेट में भी सफल बल्लेबाज बन सकते हैं, लेकिन मौजूदा भारतीय रेड बॉल टीम में उनके लिए फिलहाल कोई जगह नहीं है।
सभी फॉर्मेट के खिलाड़ी हैं ईशान किशन
श्रीकांत ने कहा कि वह ईशान किशन के बड़े प्रशंसक हैं और उन्होंने शानदार वापसी की है। उनके अनुसार ईशान की बल्लेबाजी में शॉट्स की क्वालिटी, टाइमिंग और पावर बेहतरीन है। उन्होंने कहा "ईशान किशन एक ऑल-फॉर्मेट खिलाड़ी हैं। वह टेस्ट क्रिकेट भी खेल सकते हैं, लेकिन दुर्भाग्य से टीम में उनके लिए कोई स्लॉट नहीं है।"
टीम से बाहर होने के बाद की शानदार वापसी
ईशान किशन लगभग दो साल तक टीम से बाहर रहे थे, लेकिन उन्होंने टी20 टीम में मजबूत वापसी की और वनडे में भी अफगानिस्तान के खिलाफ शतक लगाया। 2024 में सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर किए जाने के बाद उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलने की सलाह दी गई थी, जिसके बाद उन्होंने फिर से घरेलू टूर्नामेंट्स में वापसी की।
श्रीकांत ने कहा कि बीसीसीआई का उन्हें घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए कहना सही फैसला था, जिससे उनके प्रदर्शन में सुधार हुआ। इसके बाद उन्होंने झारखंड को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खिताब भी दिलाया। श्रीकांत ने चयन नीति पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि कुछ खिलाड़ियों को लगातार मौके नहीं मिलते, जबकि घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने वालों को नजरअंदाज किया जाता है। उन्होंने यशस्वी जायसवाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वह शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन सीमित ओवरों में उन्हें लगातार मौके नहीं मिल पा रहे हैं।
टेस्ट क्रिकेट को बताया सबसे बड़ा फॉर्मेट
पूर्व चयनकर्ता ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट किसी भी खिलाड़ी के लिए सबसे महत्वपूर्ण फॉर्मेट है और इसमें निरंतरता जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा समय में बहुत अधिक क्रिकेट होने के कारण चयन में निरंतरता प्रभावित हो रही है।
घरेलू कोच ने बताया ईशान के बदलाव का राज
ईशान किशन के बचपन के कोच उत्तम मजूमदार ने बताया कि उन्होंने अपने खेल में बड़ा बदलाव किया है। अब वह गेंद को थोड़ा देर से खेलते हैं, जिससे उनकी टाइमिंग बेहतर हो गई है। कोच के अनुसार ईशान ने मानसिक मजबूती के लिए योग और कंसंट्रेशन ट्रेनिंग भी की है, जिससे उनके प्रदर्शन में निरंतरता आई है।