मुंबई इंडियंस में सब ठीक नहीं?: टीम के साथ ट्रैवल नहीं कर रहे हार्दिक, माहिका की गैरहाजिरी से भी बढ़ीं अटकलें
मुंबई इंडियंस कप्तान हार्दिक पांड्या टीम के साथ अगले मैच के लिए रवाना नहीं हुए, जिससे नई अटकलें शुरू हो गई हैं। आधिकारिक तौर पर पीठ में ऐंठन वजह बताई गई है, लेकिन खराब फॉर्म और टीम की लगातार नाकामी के बीच मुंबई के कैंप में हलचल तेज है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी बुधवार को मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर दिखाई दिए, लेकिन कप्तान हार्दिक वहां मौजूद नहीं थे। फिलहाल यह साफ नहीं है कि वह बाद में टीम से जुड़ेंगे या नहीं। लखनऊ के खिलाफ मैच में हार्दिक के नहीं खेलने को लेकर फ्रेंचाइजी ने बताया था कि उनकी पीठ में ऐंठन है। मुंबई इंडियंस ने बयान जारी कर कहा था, 'हार्दिक पीठ में ऐंठन के कारण अस्वस्थ हैं, इसलिए मैच में सूर्यकुमार यादव कप्तानी करेंगे।'
हार्दिक की गैरमौजूदगी ने इसलिए भी चर्चा बढ़ा दी है क्योंकि पहले माना जा रहा था कि पीठ की समस्या गंभीर नहीं है और वह जल्द वापसी कर लेंगे। लेकिन टीम के साथ यात्रा न करने से अब कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ फैंस सवाल उठा रहे हैं कि क्या कप्तान पर दबाव ज्यादा है? क्या खराब फॉर्म और टीम की हालत ने मानसिक असर डाला है? कुछ ने एमआई-सीएसके मैच के बाद हार्दिक और सीएसके टीम के सीईओ काशी विश्वनाथन की बातचीत को भी इस मामले से जोड़ा था। एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा था कि काशी ने ऐसे ही 2025 में संजू सैमसन से बातचीत की थी और इस साल वह सीएसके में हैं। सोशल मीडिया यूजर्स यह भी वायरल कर रहे हैं कि हार्दिक सीएसके की टीम में जा सकते हैं। हालांकि इन बातों पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
हार्दिक पांड्या बल्ले और गेंद दोनों से इस सीजन उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। आठ मैचों में उन्होंने सिर्फ 146 रन बनाए हैं और स्ट्राइक रेट भी सामान्य रहा है। गेंदबाजी में भी वह प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं। एक कप्तान के तौर पर भी कई मौकों पर उनके फैसलों पर सवाल उठे हैं। करीबी मैचों में टीम हारती गई और हार्दिक कोई बड़ा असर नहीं छोड़ पाए। लखनऊ के खिलाफ मुंबई की जीत के बाद दीपक चाहर की बहन मालती चाहर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी की तारीफ की थी और कहा था कि इस मैच में मुंबई इंडियंस पुरानी मुंबई इंडियंस की तरह दिखी। इस हार्दिक पर तंज माना गया था। ऐसे में इस बात का अंदाजा लगाया जा रहा है मुंबई की टीम में सबकुछ ठीक नहीं है।
हार्दिक की फिटनेस पर जब साथी खिलाड़ी रेयान रिकेल्टन से सवाल हुआ तो उन्होंने साफ कहा कि उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं है। रिकेल्टन ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि वह कब लौटेंगे। मुझे भी लखनऊ के खिलाफ मैच से ठीक पहले पता चला कि उन्हें पीठ में ऐंठन है। इसकी गंभीरता कितनी है, मैं नहीं जानता। लेकिन मुझे यकीन है कि वह इस हफ्ते रायपुर जाते समय टीम से जुड़ जाएंगे।'
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस इस समय अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। 10 मैचों में सिर्फ तीन जीत के साथ टीम का अभियान बेहद निराशाजनक रहा है। इस गिरावट की शुरुआत कप्तानी बदलाव से जोड़ी जा रही है। रोहित शर्मा से कप्तानी लेकर हार्दिक को जिम्मेदारी देना टीम मैनेजमेंट का बड़ा फैसला था। उम्मीद थी कि हार्दिक नई ऊर्जा लाएंगे, लेकिन नतीजे उलटे निकले। रोहित के दौर में मुंबई इंडियंस शांत रणनीति, स्पष्ट नेतृत्व और बड़े मैचों में दबदबे के लिए जानी जाती थी। इस सीजन टीम में वह स्थिरता नजर नहीं आई।
अब मुंबई इंडियंस का अगला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से 10 मई को रायपुर में है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या हार्दिक उस मैच तक टीम से जुड़ेंगे? अगर वह बाहर रहते हैं, तो यह सिर्फ एक खिलाड़ी की अनुपस्थिति नहीं होगी, बल्कि संघर्ष कर रही टीम के लिए बड़ा झटका होगा। मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए फिलहाल एक ही सवाल है कि क्या कप्तान लौटेंगे और क्या टीम वापसी कर पाएगी?