WTC Final 2021: रिजर्व डे से पहले बोले मोहम्मद शमी, कीवियों को समेटने के लिए बनानी होगी नई रणनीति
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने रिजर्व डे का खेल शुरू होने से पहले बयान दिया है। उनका कहना है कि न्यूजीलैंड को जल्द समेटने के लिए भारत को मजबूत रणनीति बनानी होगी।
विस्तार
भारत और न्यूजीलैंड के बीच आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच साउथम्पटन में खेला जा रहा है। आज रिजर्व डे है यानी कुल मिलाकर मैच का छठा दिन। फाइनल के लिए रिजर्व डे इसलिए तय किया गया था कि अगर बारिश से किसी दिन खेल जाया होगा तो उसकी भरपाई की जाएगी। इस खिताबी मुकाबले में 2 दिन ऐसे रहे जब बारिश और खराब मौसम की वजह से एक गेंद भी नहीं फेंकी गई। इसलिए फाइनल का नतीजा निकालने के लिए छठे दिन मैच खेला जाएगा। खेल शुरू होने से पहले टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बयान दिया है।
शमी ने कहा, भारत को मैच जीतने के लिए रिजर्व डे के दिन ज्यादा से ज्यादा रन बनाने होंगे, वहीं दूसरी पारी में न्यूजीलैंड को सस्ते में आउट करने के लिए मजबूत रणनीति की दरकार होगी। साउथम्पटन में बारिश के चलते 2 दिन का खेल नहीं हो सका था जिसके लिए 23 जून का दिन रिजर्व डे के तौर पर रखा गया। वहीं पांचवें दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने 2 विकेट पर 64 रन बनाए थे। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली 8 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं वहीं चेतेश्वर पुजारा 12 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
इससे पहले न्यूजीलैंड को 249 रनों पर समेटने में मोहम्मद शमी ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने धारदार गेंदबाजी करते हुए कीवी टीम के चार विकेट झटके। न्यूजीलैंड की तरफ से डेवोन कॉनवे और केन विलियमसन ही भारतीय गेंदबाजों का सामना कर सके। कॉनवे 54 और विलियमसन 49 रन बनाकर आउट हुए। कीवी टीम को भारत की पहली पारी के आधार पर 32 रनों की बढ़त मिली।
रिजर्व डे पर बात करते हुए मोहम्मद शमी ने आगे कहा, हमें अंतिम दिन ज्यादा से ज्यादा रन बनाने होंगे फिर देखना होगा कि कितना समय बचा है और उसके हिसाब से फैसला करना पड़ेगा। इंग्लैंड के वातावरण में कुछ भी संभव है। लेकिन न्यूजीलैंड के 10 विकेट लेने के लिए मजबूत रणनीति बनानी होगी। उसके पहले में अपने प्रतिद्वंदी के विरुद्ध मजबूत स्कोर रखना होगा।