World Cup 2019: 25 हजार किमी की यात्रा कर सिंगापुर से लंदन विश्व कप देखने पहुंचा भारतीय परिवार
मध्यप्रदेश के भोपाल की रहने वाली अदिति माथुर और उनके पति अनुपम माथुर की क्रिकेट के प्रति दीवानगी चर्चा में हैं। क्रिकेट फैन पूरे परिवार ने जुनून की एक नई कहानी लिख दी। अदिति अपने परिवार के साथ सिंगापुर में रहती हैं। क्रिकेट का दीवाना यह परिवार सिंगापुर से लंदन 25,000 किमी की यात्रा कर वर्ल्ड कप देखने के लिए पहुंचा। सिंगापुर से लंदन के इस ट्रिप में कुल छह लोग हैं। अदिति माथुर उनके पति अनुपम माथुर, दो बच्चे और अदिति के सास ससुर भी लंबी रोड यात्रा कर विश्व कप देखने लंदन पहुंचे हैं।
भोपाल के माउंट कार्मेल से पढ़ी हैं अदिति
इस परिवार ने अपनी यात्रा 17 मई के दिन शुरू की थी। इस परिवार को भारत के उच्चायुक्त जावेद अशरफ ने हरी झंडी दिखाकर लंदन के लिए रवाना किया था। पांच जुलाई को यह परिवार लंदन के लीड्स पहुंचा और छह जुलाई को भारत और श्रीलंका के बीच विश्व कप में भारत का आखिरी लीग मैच देखा। इसकी तस्वीर अनुपम ने फेसबुक पर शेयर की।
अदिति माथुर सिंगापुर में एक लॉ फॉर्म में नौकरी करती हैं। अदित की शुरुआती पढ़ाई लिखाई भोपाल के माउंट कार्मेल स्कूल से हुई है। उसके बाद उन्होंने नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट भोपाल से ही ग्रेजुएशन किया। अदिति के पति अनुपम ने इस रोमांचक यात्रा की तस्वीरें फेसबुक पर शेयर की हैं। यात्रा के दौरान के कुछ रोमांचक किस्से भी बताएं हैं।
रात में दिखा चमकता सूर्य
इस रोमांच से भरी यात्रा के बारे में बताते हुए अदिति ने कहा कि आर्कटिक रेखा पर कभी रात नहीं होती है। वहां पहुंचकर हमें एक अदभुत अनुभव हुआ। 21 जून को इस रेखा पर कभी रात नहीं होती है, 24 घंटे सूर्य निकला रहता है। उन्होंने बताया कि हमलोग स्वीडन के जुकासबरी पर 28 जून को पहुंचे वहां रात बारह बजे भी सूर्य चमक रहा था।
अदिति का पूरा परिवार कार से सिंगापुर से निकला और सिंगापुर, मलेशिया,थाईलैंड,लाओस,चीन,किर्गिजस्तान, उज्बेकिस्तान कजाखस्तान, रूस, फिनलैंड, स्वीडन, डेनमार्क, जर्मनी, नीदरलैंड बेल्जियम और फ्रांस समेत 17 देशों की यात्रा कर वो वर्ल्ड कप देखने लंदन पहुंचे हैं। ये लोग 15 जुलाई को वर्ल्ड कप देखकर वापस सिंगापुर लौटेंगे और कार को वापस जहाज से भेजेंगे।