सुपरनोवाज को चाहिए हर हाल में जीत, महिला टी-20 चैलेंज में आज ट्रेलब्लेजर्स से भिड़ंत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गत चैंपियन सुपरनोवाज को अगर यहां महिला टी-20 चैलेंज में अपनी चुनौती को बरकरार रखना है तो उसे शनिवार को आत्मविश्वास से भरी ट्रेलब्लेजर्स के खिलाफ जीत हासिल करनी होगी। वेलोसिटी पर बृहस्पतिवार को मिली शानदार जीत से आत्मविश्वास से भरी स्मृति मंधाना की अगुवाई वाली ट्रेलब्लेजर्स का लक्ष्य एक और जीत दर्ज करने का होगा ताकि उसके नाम दो जीत हो जाएं और वह नौ नवंबर को होने वाले फाइनल में प्रवेश कर जाए।
उनका सामना सुपरनोवाज से होगा जिसे टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में वेलोसिटी से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन एक और हार से सुपरनोवाज टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी। ट्रेलब्लेजर्स ने वेलोसिटी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया और उसे महज 47 रन पर समेट दिया जिसमें इंग्लैंड की बायें हाथ की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने अहम भूमिका अदा की। दुनिया की नंबर एक टी20 गेंदबाज ने 3.1 ओवर में नौ रन देकर चार विकेट हासिल किए।
मंधाना उम्मीद करेंगी कि उनकी गेंदबाजों का हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली मजबूत सुपरनोवाज के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन जारी रहे। वहीं यह खिलाड़ी इस महत्वपूर्ण मुकाबले में खुद से और अपनी बल्लेबाजी इकाई से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।
सुपरनोवाज जीती तो वेलोसिटी बाहर
सुपरनोवाज को एक जीत की जरूरत है जिससे नेट रनरेट से टीमों का फाइनल में प्रवेश तय होगा जिससे संभवत: वेलोसिटी बाहर हो जाएगी जिसका नेट रन रेट नेगेटिव (माइनस 1.869) है। वहीं वेलोसिटी उम्मीद करेगी कि सुपरनोवाज इस मैच में हार जाए ताकि उन्हें फाइनल में पहुंचने का मौका मिल जाए।
स्पिनरों की भूमिका होगी अहम
भारतीय टी20 कप्तान हरमनप्रीत कौर टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में अपने प्रदर्शन को जारी रखना चाहेंगी और उम्मीद करेंगी कि श्रीलंका की अटापट्टू भी अच्छी फार्म जारी रखें। शारजाह की पिच धीरे-धीरे धीमी हो रही है जिससे स्पिनरों की भूमिका अहम रहेगी। एक्लेस्टोन फिर ट्रेलब्लेजर्स के लिए अहम गेंदबाज रहेंगी जिन्हें साथी बायें हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड और अनुभवी झूलन गोस्वामी से पूरी मदद मिलने की उम्मीद है।
दोनों टीमों की संभावित एकादस
ट्रेलब्लेजर्स:
स्मृति मंधाना (कप्तान), डिंड्रा डॉटिन, ऋचा घोष (विकेटकीपर), हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, दयालन हेमलता, नट्टकन चानतम, सलमा खातुन, सोफी एक्लस्टोन, राजेश्वरी गायकवाड़, झूलन गोस्वामी
सुपरनोवाज:
प्रिया पुनिया, चमारी अथापथु, जेमिमाह रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), शशिकला सिरीवर्दीन, तान्या भाटिया (विकेटकीपर), पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, पूनम यादव, शकीरा सेल्मन, अयाबोंगा खाका