WI vs PAK 2nd Test: किंग्स्टन टेस्ट में पाकिस्तान की पकड़ मजबूत, चौथे दिन स्टंप्स तक वेस्टइंडीज का स्कोर 49/1
किंग्स्टन में खेले जा रहे टेस्ट मैच में पाकिस्तान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक कैरेबियन टीम ने एक विकेट पर 49 रन बना लिए थे। मैच जीतने के लिए अभी वेस्टइंडीज को 280 रनों की दरकार है।
विस्तार
वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच किंग्स्टन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में मेहमान टीम ने अपनी पकड़ मजूबत कर ली है। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक कैरेबियन टीम ने एक विकेट पर 49 रन बना लिए थे। कप्तान क्रेग ब्रैथवेट 17 और नाइट वाचमैन अल्जारी जोसेफ 8 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले पाकिस्तान ने अपनी दूसरी इंनिंग्स में 6 विकेट पर 176 रन बनाकर पारी समाप्ति की घोषणा की। कैरेबियन टीम अभी 280 रन पीछे है और उसके नौ खिलाड़ी आउट होना बाकी हैं।
टेस्ट मैच के चौथे दिन वेस्टइंडीज ने तीन विकेट पर 39 रन से आगे खेलना शुरु किया और पूरी टीम 150 रनों पर ढेर हो गई। वेस्टइंडीज की तरफ से नक्रमाह बोनर 37, जर्मेन ब्लैकवुड 33 और जेसन होल्डर 26 रन बनाकर टॉप स्कोरर रहे। पाकिस्तान की ओर से शाहीन शाह अफरीदी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट लिए। उनके अलावा मोहम्मद अब्बास ने तीन खिलाड़ियों को आउट किया।
इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने अच्छी शुरुआत की। इस दौरान मेहमान टीम की ओर से सभी बल्लेबाजों ने तेज रन बनाए। इमरान बट 37, बाबर आजम 33 और आबिद अली ने 29 रनों की पारी खेली। इस तरह पाकिस्तान ने अपनी दूसरी इनिंग्स में 6 विकेट पर 176 रन बनाकर पारी घोषित कर दी और वेस्टइंडीज को 329 रनों का टारगेट दिया। कैरेबियाई टीम की ओर से जेसन होल्डर और अल्जारी जोसेफ ने 2-2 विकेट लिए।
जीत के लिए 329 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहला विकेट 34 रनों पर गिर गया। पारी का आगाज करने आए कीरोन पॉवेल 23 रन बनाकर रन आउट हुए। उसके बाद नाइट वाचमैन के रूप में बल्लेबाजी करने आए अल्जारी जोसेफ 8 रन बनाकर कप्तान ब्रैथवेट का साथ दे रहे हैं। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी में 1 विकेट पर 49 रन बना लिए थे।