सुंदर ने टी-20 क्रिकेट में स्पिनरों को बताया अहम, चहल की तारीफ में पढ़े कसीदे
04 : स्पिनर शामिल थे पिछले टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले शीर्ष पांच गेंदबाजों में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर का मानना है कि टी-20 क्रिकेट में स्पिनरों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है हालांकि इस छोटे प्रारूप में हर कोई उन्हें निशाना बनाना चाहता है। सुंदर ने बृहस्पतिवार को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत की जीत के बाद यह बात कही। दोनों स्पिनरों युजवेंद्र चहल (2/28) और सुंदर (1/25) ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई और बांग्लादेश को अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठाने दिया।
सुंदर ने कहा कि क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में स्पिनरों की वास्तव में अहम भूमिका होती है क्योंकि वे गेंद की गति को नियंत्रित करते हैं। कई बार पिच से भी स्पिनरों को थोड़ी मदद मिल सकती है। चहल ने 13वें ओवर में दो विकेट लिए जिससे भारत को बांग्लादेश को छह विकेट पर 153 रन पर रोकने में मदद मिली। भारत ने लक्ष्य आसानी से हासिल करके तीन मैचों की सीरीज में बराबरी हासिल कर ली।
सुंदर ने कहा कि यह सब छोटी-छोटी चीजों को समझने से जुड़ा है जैसे बल्लेबाज किस क्षेत्र में आप पर शॉट मारने जा रहा है और इसी तरह की अन्य छोटी चीजें। निश्चित तौर पर चीजों को सरल बनाए रखना और शांतचित बने रहना महत्वपूर्ण होता है। कुछ मैचों में आपकी गेंदों की धुनाई हो सकती है लेकिन खेल के इस प्रारूप में ऐसा होता है।
चहल मैच का नक्शा पूरी तरह से बदल देते हैं
सुंदर ने अपने सीनियर साथी चहल की तारीफ की और कहा कि हरियाणा का यह गेंदबाज किसी भी टीम के लिए महत्वपूर्ण है क्योंकि वह टी-20 मैचों में बीच के ओवरों में विकेट लेना जानता है। उन्होंने कहा कि ईमानदार बने रहना महत्वपूर्ण है विशेषकर किसी के लिए (जैसे चहल), जो बीच के ओवरों में गेंदबाजी करके खेल की दिशा बदल देते हैं। हमने उन्हें (चहल) वनडे और टी-20 में भी ऐसा करते हुए देखा है। वह बीच के ओवरों में आते हैं, दो-तीन विकेट लेते हैं और मैच का नक्शा पूरी तरह से बदल देते हैं।
वाशिंगटन सुंदर ने कहा, 'वह (चहल) इस प्रारूप में बेहद अनुभवी हैं और जानते हैं कि बीच के ओवरों में विकेट लेने के लिए क्या करना है। हमने उन्हें पावरप्ले में भी सफलता हासिल करते हुए देखा है। वह निश्चित तौर पर किसी भी टीम के लिए महत्वपूर्ण हैं।'
इस 20 वर्षीय स्पिनर ने कहा कि बांग्लादेश को 153 रन पर रोककर उनके गेंदबाजों ने अच्छी भूमिका निभायी।