पाकिस्तानी गेंदबाजों के पीछे पड़े विराट कोहली, ये हैं सबूत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विराट कोहली ने शनिवार को मीरपुर में पाकिस्तान के खिलाफ जिस तरह की साहसिक पारी खेली उससे विपक्षी टीम के खिलाड़ी भी दीवाने हो गए। इस महामुकाबले में टीम इंडिया के सामने जीत के लिए 84 रनों का छोटा सा लक्ष्य था लेकिन उसकी शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में दोनों सलामी बल्लेबाजों रोहित शर्मा (0) और अजिंक्य रहाणे (0) को खोने के बाद थोड़ी देर बाद सुरेश रैना (1) भी वापस पवेलियन लौट आए। आसान जीत की उम्मीद लगाई भारतीय टीम पर अब हार का संकट मंडराने लगा था।
क्रीज पर तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर का कहर जारी था और वह एक के बाद एक करके लाजवाब गेंद डाल रहे थे। टीम इंडिया को अपनी 'रन मशीन' कोहली (49) से बड़ी आस थी कि वह टीम को संकट से उबारेंगे जिसमें कामयाब भी रहे। पाक की 'पेस बैटरी' की तिकड़ी (मोहम्मद आमिर, मोहम्मद सामी और मोहम्मद इरफान) लगातार कोहली और युवराज पर आक्रमण कर रही थी लेकिन कोहली ने अपना संयम नहीं खोया और गजब का साहस दिखाते हुए एक-एक रन से स्कोर को लक्ष्य के करीब आगे बढ़ाते रहे। वह जब आउट हुए उस समय टीम जीत से महज 9 रन दूर थी फिर धोनी और युवराज को 5 विकेट से जीत दिला दिया।
कोहली का बल्ला लक्ष्य का पीछा करते हुए खूब चलता है। इससे पहले भी ढेरों मैचों में वह साहसिक पारियां खेल चुके हैं और टीम को जीत दिलाने में कामयाब भी रहे। उन्होंने 35 टी-20 मैचों की 33 पारियों में 16 बार लक्ष्य का पीछा करते हुए बल्लेबाजी की जिसमें 7 बार अर्धशतक (ओवरऑल 12 अर्धशतक) लगाए और पाक के खिलाफ मैच में 49 रन पर आउट हो गए थे।
चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भी वह लगातार रन बनाते रहे हैं और अगले महीने के मध्य में जब दोनों टीमें टी-20 वर्ल्ड कप में एक बार फिर आमने-सामने होंगी तो पाक के गेंदबाज और कोहली के बल्ले के बीच जोरदार जंग देखने को मिल सकती है।
पाक के खिलाफ कोहली ने खेली है वनडे में अपनी सबसे बड़ी पारी
भारत और पाकिस्तान मैदान पर हमेशा से चिर-प्रतिद्वंद्वी रहे हैं और महामुकाबले में विराट कोहली का बल्ला लगातार चलता भी रहा है। आप इसका अंदाजा इससे लगा सकते हैं कि टी-20 में लक्ष्य का पीछा करते हुए उनकी सबसे बड़ी पारी नाबाद 78 रनों की है जो उन्होंने 30 सितंबर, 2012 को टी-20 वर्ल्ड कप में कोलंबो में पाक के खिलाफ ही खेली थी। इस पारी में उन्होंने 61 गेंदों में 8 चौके और 2 छक्के भी लगाए थे। वैसे टी-20 में उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 90 रनों की है जो उन्होंने इसी साल 26 जनवरी को एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली।
टी-20 में पाक के खिलाफ खेली उनकी 5 पारियों का जिक्र करें तो उन्होंने 66.33 की औसत से 199 रन बनाए और इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 112.42 के आसपास रहा है।
फटाफट क्रिकेट के बाद अब बात वनडे की भी कर लेते हैं। कोहली ने पाक के खिलाफ 10 वनडे पारियों में 41.44 की औसत से 373 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 89.87 रहा है और 2 शतक भी लगा दिए। वनडे करियर में 171 मैचों की 163 पारियों में 25 शतक लगाने वाले कोहली की सबसे बड़ी पारी पाक के ही खिलाफ थी जो उन्होंने 18 मार्च, 2012 को एशिया कप में खेली और 148 गेंदों में 183 रन बनाए जिसमें 22 चौके और एक छक्का भी लगाया था।
इसके बाद पाक के खिलाफ कोहली का दूसरा शतक पिछले साल वर्ल्ड कप के दौरान एडिलेड में आया जब उन्होंने 107 रनों की पारी खेली।
पाक गेंदबाजों की कमाल की गेंदबाजी को कोहली ने हर बार खराब कर दिया है और अगले डेढ़ महीनों में दोनों टीमों के बीच कम से कम 3 और मैच खेले जा सकते हैं। दोनों टीमें अगर एशिया कप के फाइनल में पहुंचती हैं तो खिताबी जंग में ही फिर से भिड़ सकती हैं। फिलहाल अगले महीने भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लीग चरण में दोनों टीमें आमने-सामने होना तय है।
यहां भी दोनों फाइनल में पहुंचती हैं तो फिर से यह महामुकाबला खेला जा सकता है। मीरपुर में जो कुछ हुआ उसके आधार पर तो यही कहा जा सकता है कि पाक के लिए कोहली को रोकने के वास्ते कुछ खास रणनीति बनानी होगी।