विश्व कप में नंबर-4 को लेकर नहीं है ज्यादा पेंच, विराट के सामने ये हो सकते विकल्प
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कप्तान विराट कोहली की नजरों में विश्व कप की टीम को लेकर ज्यादा पेंच नहीं है, लेकिन विश्व कप टीम के नंबर चार बल्लेबाजी क्रम के लिए उन्हें नए विकल्प देने की तैयारी कर ली गई है। टीम का चयन 15 अप्रैल को होना है और इस बार के आईपीएल के प्रदर्शन को संज्ञान में लेते हुए कुछ नए नामों पर चर्चा करने की तैयारी कर ली गई है।
इनमें इनमें नंबर चार के लिए दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयष अय्यर और ऋषभ पंत का नाम प्रस्तावित किए जाने संकेत मिले हैं। साथ ही दूसरे ऑलराउंडर के रूप में रवींद्र जडेजा का नाम गंभीरता से रखा जा सकता है। चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की सबसे बड़ी समस्या नंबर चार बल्लेबाजी क्रम है।
इस क्रम पर विराट कोहली ने अब तक अंबाती रायडू को वरीयता दी है, लेकिन आस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतिम दो वन डे से बाहर किए जाने के बाद इस स्थान को लेकर लंबे समय से कयास लग रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि विश्व कप की टीम के चयन के दौरान इस क्रम पर चार नामों पर चर्चा हो सकती है। इनमें रायुडू, विजय शंकर, ऋषभ पंत और श्रेयष अय्यर का नाम प्रमुख है।
हालांकि अय्यर शुरू से विश्व कप टीम चयन की रणनीति का हिस्सा नहीं रहे हैं, लेकिन आईपीएल में आरसीबी के खिलाफ 67 और केकेआर, सनराइजर्स के खिलाफ 43-43 रनों की पारी खेलने के बाद चयनकर्ता उनका नाम भी आगे रख सकते हैं।
यही नहीं पंत को भी इस क्रम पर उतारने की राय बन रही है। इससे टीम के दूसरे विकेट कीपर की गुत्थी भी सुलझ जाएगी। हालांकि उन्होंने आईपीएल में मुंबई के खिलाफ 78 और किंग्स इलेवन के खिलाफ 39 रनों की पारियां खेली हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन निरंतर नहीं रहा है।
लेग स्पिनर से निपटने को चाहिए बांए हाथ का बल्लेबाज
सूत्र बताते हैं कि टीम के संतुलन के लिए मध्यक्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाज के विकल्प की संभावना तलाशी जा रही है। पंत को छोड़ बांए हाथ का कोई विकल्प नहीं मिल रहा है। सूत्र यह भी बताते हैं कि चयनकर्ता, टीम मैनेजमेंट इस बात को लेकर चिंतित हैं कि विरोधियों के पास एडम जांपा, राशिद खान, यासिर शाह, ईश सोढी जैसे लेग स्पिनर हैं। इनसे मध्यक्रम में लोहा खब्बू बल्लेबाज आसानी से ले सकता है। ऐसे में चयनकर्ता विराट कोहली के समक्ष पंत का विकल्प रख सकते हैं।
राहुल, जडेजा पर भी होगी चर्चा
चयन के दौरान केएल राहुल और रवींद्र जडेजा का नाम प्रमुखता से रखा जाएगा। जडेजा को दूसरे ऑलराउंड के रूप में वरीयता दी जा सकती है। साथ ही जडेजा के रहने से पुछल्ले बल्लेबाजी क्रम में गहराई मिलेगी। राहुल का नाम तीसरे ओपनर के रूप में प्रस्तावित करने के संकेत मिले हैं।