विराट कोहली को भारत का सबसे सफल कप्तान बनने के लिए केवल तीन जीत की दरकार है और अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्तमान श्रृंखला में टीम क्लीन स्वीप करने में सफल रहती है तो वह महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़कर कप्तानी में भी शिखर पर पहुंच जाएंगे।
विश्व के नंबर एक बल्लेबाज कोहली की अगुवाई में भारत ने अब तक 43 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें से 25 में उसने जीत दर्ज की है। बाकी मैचों में से नौ में भारत को हार मिली जबकि इतने ही मैच ड्रॉ छूटे। अभी धोनी भारत के सबसे सफल कप्तान हैं जिनके नाम पर 60 मैचों में 27 जीत दर्ज हैं।
मतलब कोहली को उनकी बराबरी करने के लिए अब केवल दो जीत की दरकार है। एडिलेड टेस्ट जीतकर भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की श्रृंखला का शानदार आगाज किया है और ऐसे में उसके पहली बार ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर श्रृंखला जीतने की संभावना भी बढ़ गई है।
कोहली सबसे सफल भारतीय कप्तान बनने से पहले विदेशों में सबसे अधिक मैच जीतने वाले भारतीय कप्तान बन सकते हैं। अभी यह रिकार्ड सौरव गांगुली के नाम पर है जिनके नेतृत्व में भारत ने विदेशी धरती पर सर्वाधिक 11 टेस्ट मैच जीते हैं जबकि कोहली 10 टेस्ट मैचों में जीत के साथ इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।
कोहली की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका में सर्वाधिक पांच जबकि वेस्टइंडीज में दो मैच जीते। इसके अलावा उनकी अगुवाई में टीम ने दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में एक-एक मैच में जीत हासिल की। ऑस्ट्रेलियाई धरती पर मैच जीतने वाले वह पांचवें भारतीय कप्तान हैं।