विराट के 'फ्लाइंग किस' की चर्चाएं जोरो पर
टीम इंडिया के उपकप्तान विराट कोहली की मेलबर्न में खेली गई पारी इंडिया टीम के लिए संजीवनी से कम नहीं है। उन्होंने शानदार पारी खेलते हुए न सिर्फ टीम को संकट से उबारा बल्कि कंगारू गेंदबाजों के चेहरे पर तनाव भी पैदा कर दिया था।
विराट के साथ अजिंक्य रहाणे ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को बढ़त दिलाई। विराट के साथ रहाणे ने चौथे विकेट के लिए 262 रनों की अहम साझेदारी की। विराट ने 169 रनों की पारी में शानदार 18 चौके लगाए।
अपनी पारी के दौरान उन्होंने मैदान में गजब का आत्मविश्वास और धैर्य का परिचय दिया।
अनुष्का को दिया फ्लांइग किस
बीसीसीआई की ओर से मंजूरी मिलने के बाद विराट कोहली की गर्लफ्रेंड एवं बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी मेलबर्न टेस्ट देखने पहुंची थी।
अनुष्का की मौजूदगी विराट के लिए संजीवनी की तरह थी। उन्होंने टेस्ट करियर में पहली बार एक पारी में 150 रन पूरे किए। इतना ही नहीं शतक जमाने के बाद उन्होंने अनुष्का को फ्लाइंग किस भी दिया।
बल्ले को चूमकर वे ड्रेसिंग रूम में फ्लाइंग किस करते हुए नजर आए। दूसरी तरफ अनुष्का ने भी उनके किस का जवाब हंसी से दिया।
कमेंटरी में भी चर्चा में रहा विराट का 'फ्लाइंग किस'
मैच की कमेंटरी पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मैथ्यू हैडन कर रहे थे। विराट के शतक जमाने के बाद उनका ड्रेसिंग रूम में बल्ले से 'फ्लाइंग किस' देना कमेंटरी के दौरान भी चर्चा में रहा।
सुनील और हैडन ने तो अनुष्का को विराट के लिए लकी तक बोल दिया। हैडन ने कहा, "अनुष्का शर्मा विराट के लिए काफी लकी हैं, अनुष्का की मौजूदगी की बदौलत विराट ने अपने टेस्ट करियर की बेहतरीन पारी खेली है।"
जब गुस्साए जॉनसन उलझ पड़े कोहली से
जब विराट कंगारू गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर रहे थे। उनकी गेंदों को बड़ी आसानी से खेल रहे थे। तो कंगारू गेंदबाज काफी परेशान नजर आ रहे थे। इतना ही नहीं ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव स्मिथ ने कोहली को आउट करने के लिए कई गेंदबाजों को उतार दिया। लेकिन कोहली की आतिशी बल्लेबाजी नहीं रूकी।
जब स्मिथ ने गेंद मिशेल जॉनसन को थमाई तो कोहली को आउट करने के लिए जॉनसन ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी लेकिन कोहली कहां आउट होने वाले थे। तो गुस्साए जॉनसन कोहली से ही मैदान में उलझ पड़े।
कोहली भी कहां चुप रहने वालों में से थे। वे भी बहस पर उतर पड़े। दोनों के बीच काफी तनातनी देख अंपायर को बीच-बचाव करना पड़ा। तब जाकर बात बनी। शानदार शतक जमाकर कोहली ने कंगारू गेंदबाजों को और परेशान कर दिया।