फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   USA vs PAK T20 World Cup 2024: USA upsets Pakistan in Super Over, Sourabh-Monank 'Indians' overturned match

USA vs PAK T20: अमेरिका ने सुपरओवर में पाकिस्तान को हराकर किया उलटफेर, यहां पढ़ें 'भारतीयों' ने कैसे पलटी बाजी

Fri, 07 Jun 2024 02:11 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डलास
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, डलास Published by: स्वप्निल शशांक Updated Fri, 07 Jun 2024 02:11 AM IST
सार

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 159 रन बनाए थे। कप्तान बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए थे। जवाब में अमेरिका की टीम भी 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 159 रन बना सकी। इसके बाद मैच सुपरओवर में पहुंचा।

विज्ञापन
USA vs PAK T20 World Cup 2024: USA upsets Pakistan in Super Over, Sourabh-Monank 'Indians' overturned match
अमेरिका बनाम पाकिस्तान - फोटो : ICC

विस्तार

अमेरिका ने टी20 विश्व कप 2024 का पहला बड़ा उलटफेर कर दिया है। उन्होंने ग्रुप-ए के मैच में 2009 के चैंपियन पाकिस्तान को सुपरओवर में हरा दिया है। यह मुकाबला टेक्सास के डलास के ग्रैंड प्रियरी स्टेडियम में खेला गया। दरअसल, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 159 रन बनाए थे। कप्तान बाबर आजम ने सबसे ज्यादा 44 रन बनाए थे। जवाब में अमेरिका की टीम भी 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 159 रन बना सकी। कप्तान मोनांक पटेल ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। इसके बाद मैच सुपर ओवर में पहुंचा। 
विज्ञापन


अमेरिका ने सुपरओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए 18 रन बनाए। इसके जवाब में पाकिस्तान की टीम छह गेंद पर 13 रन ही बना सकी। मोनांक को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पाकिस्तान का यह टी20 विश्व कप 2024 में पहला मैच था और उसी में उन्हें अपने से कहीं कमजोर अमेरिका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ अमेरिका की टीम ग्रुप-ए में दो जीत और चार अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं, भारत एक मैच के बाद दो अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान का अगला मैच नौ जून को भारत से है। वहीं, अमेरिका की टीम अब 12 जून को भारत से भिड़ेगी।
विज्ञापन

USA vs PAK T20 World Cup 2024: USA upsets Pakistan in Super Over, Sourabh-Monank 'Indians' overturned match
सौरभ नेत्रवालकर, हरमीत सिंह और मोनांक पटेल - फोटो : ICC
'भारतीयों' से हारा पाकिस्तान
अमेरिका की जीत में कप्तान मोनांक पटेल और सौरभ नेत्रवालकर का अहम योगदान रहा। मोनांक ने अमेरिका के चेज में 50 रन की पारी खेली। वहीं, सौरभ ने सुपरओवर में गजब की गेंदबाजी की और 19 रन नहीं बनाने दिया। बाएं हाथ के मध्यम तेज गति के गेंदबाज सौरभ का जन्म 1991 में मुंबई में हुआ था। उन्होंने 2008-09 कूच बेहार ट्रॉफी में छह मैचों में 30 विकेट लिए थे। इसके बाद उनका चयन 2010 अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में हुआ था। विश्व कप से ठीक पहले वह दक्षिण अफ्रीका में त्रिकोणीय सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे।

इसके बाद न्यूजीलैंड में हुए 2010 अंडर-19 विश्व कप में सौरभ- केएल राहुल, जयदेव उनादकट और मयंक अग्रवाल के साथ टीम इंडिया का हिस्सा रहे थे। बाकी तीन खिलाड़ियों ने तो सीनियर टीम इंडिया में जगह बना ली, लेकिन सौरभ चूक गए। इसके बाद उन्होने रणजी ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी समेत बाकी भारतीय घरेलू टूर्नामेंट भी खेले। हालांकि, कुछ बेहतर पाने के लिए वह अमेरिका शिफ्ट हो गए और तब से अमेरिका का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह अमेरिकी टीम के कप्तान भी रह चुके हैं।

वहीं, वहीं मोनांक का जन्म 1993 में गुजरात के आनंद में हुआ था। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 2018 में अमेरिका के लिए खेलना शुरू किया और तब से उसी टीम के लिए खेल रहे हैं। मोनांक अंडर-16 और अंडर-18 क्रिकेट में गुजरात का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2010 में मोनांक को ग्रीन कार्ड मिला था और वह 2016 में परमानेंट अमेरिका शिफ्ट हो गए थे। 2018 से वह अमेरिका के लिए खेल रहे हैं। सौरभ और मोनांक के अलावा हरमीत सिंह भी इस टीम का हिस्सा हैं। 2012 में हरमीत ने उनमुक्त चंद की कप्तानी में भारत के लिए अंडर-19 विश्व कप खेला था और भारत को खिताब जिताने में मदद की थी। 
विज्ञापन

सुपर ओवर में क्या हुआ?

USA vs PAK T20 World Cup 2024: USA upsets Pakistan in Super Over, Sourabh-Monank 'Indians' overturned match
अमेरिका की टीम - फोटो : ICC
अमेरिका का सुपरओवर
सुपरओवर में अमेरिका के लिए एरॉन जोंस और हरमीत सिंह बल्लेबाजी के लिए आए। वहीं, पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी करने मोहम्मद आमिर आए।
  • पहली गेंद पर जोंस ने चौका लगाया।
  • दूसरी गेंद पर दो रन आए। कुल 6 रन हुए।
  • तीसरी गेंद पर यॉर्कर पर जोंस ने एक रन लिया। कुल 7 रन हुए।
  • अगली गेंद वाइड रही और इस पर एक रन भी ले लिया। यानी दो रन आए और कोई गेंद भी नहीं हुआ। कुल 9 रन हुए।
  • चौथी गेंद पर एक रन आया। कुल 10 रन हुए।
  • अगली गेंद फिर वाइड रही। इस पर फिर अमेरिकी बल्लेबाजों ने एक रन लिया और दो रन बने। कुल 12 रन हुए।
  • पांचवीं गेंद पर जोंस ने दो रन लिए। कुल 14 रन हुए।
  • अगली गेंद फिर वाइड रही। इस पर फिर अमेरिकी बल्लेबाजों ने एक रन लिया। फिर पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने ओवर थ्रो किया और अमेरिकी खिलाड़ियों ने दूसरा रन लिया। यानी बिना गेंद के तीन रन बने। कुल 17 रन हुए।
  • आखिरी गेंद पर अमेरिकी खिलाड़ियों ने एक रन लिया। जोंस रन आउट हुए। अमेरिका ने सुपर ओवर में कुल 18 रन बनाए। पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए 19 रन की जरूरत थी।
विज्ञापन

USA vs PAK T20 World Cup 2024: USA upsets Pakistan in Super Over, Sourabh-Monank 'Indians' overturned match
बाबर आजम - फोटो : PCB Twitter
पाकिस्तान का सुपरओवर
सुपरओवर में पाकिस्तान के लिए इफ्तिखार अहमद और फखर जमां बल्लेबाजी के लिए आए। वहीं, अमेरिका की ओर से गेंदबाजी करने सौरभ नेत्रवालकर आए।
  • पहली गेंद पर गेंद ने बल्लेबाज इफ्तिखार को बीट किया। कोई रन नहीं बना।
  • दूसरी गेंद पर इफ्तिखार ने चौका लगाया। कुल चार रन हुए।
  • तीसरी गेंद पर सौरभ ने इफ्तिखार को मिलिंद कुमार के हाथों कैच कराया। इस गेंद पर कोई रन नहीं बना। कुल 4 रन हुए। पाकिस्तान को तीन गेंद में 14 रन चाहिए थे।
  • फिर शादाब खान बल्लेबाजी के लिए आए। पाकिस्तान को तीन गेंद में 14 रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर शादाब थे।
  • चौथी गेंद पर गेंद शादाब के पैर से लगकर चौके के लिए चली गई। कुल 10 रन हुए। पाकिस्तान को दो गेंद में 9 रन चाहिए थे।
  • पांचवीं गेंद पर दो रन बने। कुल 11 रन हुए। पाकिस्तान को एक गेंद में सात रन चाहिए थे। छक्का लगता तो एक और सुपरओवर होता।
  • आखिरी गेंद पर शादाब सिर्फ एक रन बना सके। पाकिस्तान सुपर ओवर में अमेरिका के 18 रन के जवाब में 13 रन ही बना सका। 

USA vs PAK T20 World Cup 2024: USA upsets Pakistan in Super Over, Sourabh-Monank 'Indians' overturned match
अमेरिका बनाम पाकिस्तान - फोटो : ICC
चेज करते हुए अमेरिका की पारी के दौरान डेथ ओवर्स का रोमांच
इससे पहले अमेरिका और पाकिस्तान के बीच मैच 20-20 ओवरों के बाद टाई पर समाप्त हुआ था। एक वक्त अमेरिकी टीम रन चेज में आगे थी और लग रहा था कि टीम आसानी से जीत जाएगी। 16 ओवर में अमेरिका ने तीन विकेट पर 126 रन बना लिए थे और 24 गेंद में 34 रन की जरूरत थी। यहीं से पाकिस्तानी गेंदबाजों ने पासा पलटा। अगले तीन ओवर में 19 रन आए। 20वें ओवर में अमेरिका को जीत के लिए 15 रन की जरूरत थी। हारिस रऊफ गेंदबाजी कर रहे थे। स्ट्राइक पर एरॉन जोंस और नीतीश कुमार थे। पहली गेंद पर नीतीश ने एक रन लिया। फिर दूसरी गेंद पर जोंस ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर भी एक रन आया। चौथी गेंद पर एरॉन जोंस ने छक्का लगाया और मैच में अमेरिका की वापसी कराई। इसके बाद पांचवीं गेंद पर जोंस ने एक रन लिया। इस तरह आखिरी गेंद पर अमेरिका को जीत के लिए पांच रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर नीतीश थे। उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर मैच टाई कर दिया। 

USA vs PAK T20 World Cup 2024: USA upsets Pakistan in Super Over, Sourabh-Monank 'Indians' overturned match
उलटफेर करने के बाद अमेरिका की टीम - फोटो : ICC
पाकिस्तान की पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत खराब रही थी। 26 रन तक टीम ने तीन विकेट गंवा दिए थे। मोहम्मद रिजवान नौ रन, उस्मान खान तीन रन और फखर जमां 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद कप्तान बाबर ने शादाब के साथ 72 रन की साझेदारी निभाई। शादाब 25 गेंद पर एक चौका और तीन छक्के की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। आजम खान फिर फ्लॉप रहे और गोल्डन डक का शिकार हुए। वह अपनी पहली ही गेंद पर केंजिगे का शिकार बने।

बाबर 43 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 44 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वहीं, इफ्तिखार अहमद 14 गेंद में 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शाहीन ने 16 गेंद में एक चौका और दो छक्के की मदद से 23 रन की नाबाद पारी खेली। वहीं, हारिस रऊफ तीन रन बनाकर नाबाद रहे। अमेरिका की ओर से नौस्थुश केंजिगे ने तीन विकेट लिए। वहीं, सौरभ नेत्रवालकर को दो विकेट मिले। अली खान और जसदीप सिंह को एक-एक विकेट मिला।

USA vs PAK T20 World Cup 2024: USA upsets Pakistan in Super Over, Sourabh-Monank 'Indians' overturned match
आंद्रीज गौस - फोटो : ICC
अमेरिका की पारी
जवाब में पाकिस्तान की शुरुआत सधी हुई रही थी। स्टीवन टेलर और कप्तान मोनांक पटेल ने 36 रन की साझेदारी निभाई। टेलर 12 रन बनाकर नसीम शाह का शिकार बने। इसके बाद मोनांक ने आंद्रीज गौस के साथ दूसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी निभाई। गौस 26 गेंद में पांच चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। मोनांक ने शाहीन अफरीदी की गेंद पर छक्का लगाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा किया।

हालांकि, इसके बाद वह पवेलियन लौट गए। उन्होंने 38 गेंद में सात चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन की पारी खेली। आखिर में एरॉन जोंस 26 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 36 रन और नीतीश कुमार 14 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद आमिर, नसीम शाह और हारिस रऊफ को एक-एक विकेट मिला।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed