वर्ल्ड कप में भारत की एक और जीत, सरफराज की फिर फिफ्टी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरफराज खान की एक और आतिशी फिफ्टी और फिर अवीश खान (4 विकेट) के दिए झटकों के दम पर भारतीय टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप मैच में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज करा ली है। दूसरे मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 120 रनों के बडे़ अंतर से हरा दिया। पहले मैच में भी भारतीय शेरों ने आयरलैंड पर जीत दर्ज की थी।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआती लगातार दूसरी बार भी ठीक नहीं रही। कप्तान और ओपनर इशान किशन ने इस बार सिर्फ 3 रन बना सके। पिछले मैच में वह खाता भी नहीं खोल सके थे। हालांकि दूसरे ओपनर रिषभ पंत (57) ने सरफराज खान (74) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने कमबैक किया और टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 258 रन बना लिए।
रिषभ ने अपनी पारी में 7 चौके और 2 छक्के लगाए और 57 रन ठोंके। जबकि सरफराज ने 9 चौके जड़कर 74 रन बनाए। सरफराज ने पिछले मैच में भी 74 रन ही बनाए थे।
किवी टीम 259 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो उसकी शुरुआत बेहद खराब रही। अवीश खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड का शीर्ष क्रम उखाड़कर रख दिया। अवीश ने शुरुआती 4 विकेट झटके जिससे टीम का स्कोर 4 विकेट पर 16 रन हो गया था। अवीश के बाद महिपाल लोमर ने अपना कमाल दिखाया और 47 रन देकर 5 विकेट झटक लिए। दो गेंदबाजों के कहर के आगे किवी टीम 31.3 ओवर में 138 रन पर आउट हो गई।
संदीप ने लगाई हैट्रिक, 26वें ओवर में मिली जीत
अंडर-19 वर्ल्ड कप के एक अन्य मैच में आयरलैंड टीम का सामना नेपाल से हुआ। इस मैच में नेपाल के गेंदबाज संदीप लमिछाने ने कमाल कर दिया और लगातार 3 विकेट लेते हुए अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। हैट्रिक से साथ ही इस गेंदबाज ने महज 27 रन देकर 5 विकेट झटके।
सधी शुरुआत के बाद लगातार विकेट गिरते रहने से आयरलैंड की टीम संभल नहीं सकी और 50 ओवरों में 9 विकेट पर 131 रन ही बना सकी। आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल टीम ने 26वें ओवर की तीसरी गेंद पर ही लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच 8 विकेट से जीत लिया। योगेंद्र सिंह काकरी ने 81 गेंदों में नाबाद 61 रनों (8 चौके) की पारी खेली।
पाक ने कनाडा को हराया
ओपनर जीशान मलिक (नाबाद 89) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत पाकिस्तान ने आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के तहत खेले गए एक मुकाबले में कनाडा को सात विकेट से हरा दिया।
कनाडा की ओर से रखे गए 179 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाक ने 55 गेंद शेष रहते तीन विकेट पर 180 रन बनाए। उसकी ओर से सैफ बदर ने 44 रन बनाए।