{"_id":"a950ae300e2e70c2d696952a059c20ec","slug":"titans-defeated-hyderabad","type":"story","status":"publish","title_hn":"टाइटंस ने हैदराबाद को आठ विकेट से दी शिकस्त","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
टाइटंस ने हैदराबाद को आठ विकेट से दी शिकस्त
अमर उजाला, रांची
Updated Sun, 29 Sep 2013 04:43 AM IST
विज्ञापन
ओपनर हेनरी डेविड्स के ताबड़तोड़ अर्धशतक से दक्षिण अफ्रीकी टीम टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 ग्रुप ‘बी’ के मुकाबले में आठ विकेट से करारी शिकस्त दी।
विज्ञापन
टाइटंस की यह तीन मैचों में दूसरी जीत है जबकि हैदराबाद की यह तीन मैचों में दूसरी हार है। इस हार से हैदराबाद की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें मुश्किल में पड़ गई हैं।
विज्ञापन
टॉस जीतकर टाइटंस ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और हैदराबाद टीम को सात विकेट पर सिर्फ 145 रन पर रोक दिया। मीडियम पेसर डेविड वीस ने धारदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट चटकाए।
विज्ञापन
हैदराबाद के लिए कप्तान शिखर धवन ने सर्वाधिक 21 गेंदों में सात चौकों और एक छक्के के साथ 37 रन की पारी खेली। हालांकि हैदराबाद के ओपनर शिखर धवन और पार्थिव पटेल ने पहले विकेट के लिए 6.3 ओवर में 62 रन की आतिशी साझेदारी करके टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी।
लेकिन इन दोनों के आउट होने के बाद अन्य कोई बल्लेबाज ज्यादा देर तक विकेट पर नहीं टिक सका। पटेल ने 24 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों के साथ 26 रन बनाए।
जवाब में टाइटंस ने 16.3 ओवर में सिर्फ दो विकेट पर 147 रन बनाकर आसान जीत हासिल कर ली। ‘मैन ऑफ द मैच’ डेविड्स ने 42 गेंदों में सात चौकों और चार छक्कों के साथ 64 रन की धमाकेदार पारी खेली।
उन्होंने पहले विकेट के लिए ओपनर जैक्स रुडोल्फ के साथ सिर्फ 12.1 ओवर में 112 रन की शतकीय साझेदारी की। रुडोल्फ 42 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 48 रन की पारी खेलकर नाबाद रहे। हैदराबाद के लिए तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और डेल स्टेन ने एक-एक विकेट चटकाया।