बारिश ने किया वनडे मैच कबाड़ा, अंपायरों ने किया रद्द
ऑकलैंड में सात मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मैच बारिश के कारण पूरा नहीं खेला जा सका और अंपायरों ने मैच को रद्द कर दिया। मैच के रद्द होने के बाद भी सीरीज अभी 1-1 से बराबरी पर है।
बारिश के कारण जब खेल रूका तो उस समय मेजबान टीम ने 28.5 ओवर में 3 विकेट पर 145 रन बना लिए थे। क्रीज पर ओपनर मार्टिन गुप्टिल 66 खेल रहे थे।
मेजबान न्यूजीलैंड को टॉस गंवाने के बाद श्रीलंका ने उसे पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान ब्रैंडन मैकुलम ने मार्टिन गुप्टिल के साथ पहले विकेट के लिए 7 ओवर में 40 रन बना लिए। लेकिन अगले ओवर की पहली ही गेंद पर मैकुलम 28 रन बनाकर कैच आउट हो गए।
आधे-अधूरे मैच में किवी बल्लेबाज ने रचा इतिहास
इसके बाद ओपनर मार्टिन गुप्टिल ने दूसरे विकेट के लिए टॉम लाथम के साथ 99 रनों की साझेदारी कर स्कोर 139 तक पहुंचा दिया। इस बीच उन्होंने पिछले दोनों मैचों की नाकामी को पीछे छोड़ते हुए सीरीज में पहली अर्धशतकीय पारी खेली। लाथम 42 रन बनाकर आउट हो गए।
मैच भले ही पूरा नहीं खेला जा सका लेकिन इस खेल का जो छोटा सा हिस्सा हुआ
वो गुप्टिल के लिए फायदेमंद साबित हो गया। गुप्टिल आउट ऑफ फॉर्म चल रहे थे
और इस मैच से उन्होंने फॉर्म हासिल कर ली। गुप्टिल के करियर की यह 90वीं पारी (93 वनडे मैच) थी और इस 66 रनों की पारी के दौरान जब अपना 37वां पूरा किया तो उन्होंने वनडे क्रिकेट में अपने 3 हजार रन पूरे कर लिए। वह वनडे में 3 हजार रन बनाने वाले सबसे तेज किवी बल्लेबाज भी बन गए।
वह रॉस टेलर के साथ टीम की पारी को आगे बढ़ा रहे थे कि 29वे ओवर की अंतिम गेंद डाले जाने से पहले ही बारिश शुरू हो गई और आगे का मैच नहीं खेला जा सका। खेल रोके जाने से पहले टेलर आउट हो गए। गुप्टिल 66 रन बनाकर नाबाद रहे। जबकि श्रीलंका की ओर से तीनों विकेट कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने झटके।