खुशखबरी! टीम इंडिया बिना खेले भी फाइनल में पहुंचेगी?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऐसा लगता है कि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और टीम इंडिया की किस्मत अपनी बुलंदी पर है। टीम वर्ल्ड कप में लगातार 11 मैच और इस टूर्नामेंट में 7 मैच जीतकर सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। भारत का अगला मैच सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ है।
वर्ल्ड कप में जीत के अजेय रथ पर सवार टीम इंडिया के रिकॉर्ड को देखा जाए तो टूर्नामेंट के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक 10 बार भिड़ंत हुई है जिसमें कंगारुओं ने 7 बार जीत हासिल की है। जबकि टीम इंडिया के पक्ष में सिर्फ 3 मैच ही गए हैं। हालांकि पिछले वर्ल्ड कप में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को क्वॉर्टर फाइनल में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी और इस बार फाइनल में पहुंचने के लिए इसी ऑस्ट्रेलियाई टीम को सेमीफाइनल में हराना होगा।
इन दोनों के बीच सेमीफाइनल अभी 26 को खेला जाना है लेकिन भारत से हजारों मील दूर इस देश से भारतीय टीम के प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर आ रही है कि टीम बिना खेले भी फाइनल में पहुंच सकती है। जानना चाहेंगे कैसे?
बारिश से मैच नहीं हुआ तो ऑस्ट्रेलिया हो जाएगा बाहर
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड का दूसरा सेमीफाइनल मैच सिडनी में खेला जाएगा और वहां पर लगातार दो दिन से बारिश हो रही है और पूर्वानुमान है कि आगे भी बारिश होती रहेगी। पहले सेमीफाइनल में भी बारिश ने खलल डाली थी।
अब सिडनी में भी मौसम खराब है और यह चर्चा भी हर ओर हो रही है कि अगर दूसरा सेमीफाइनल बारिश के कारण पूरा नहीं हो पाया तो क्या होगा। हालांकि मौसम के मिजाज को भांपते हुए आईसीसी ने नॉकआउट मुकाबलों के लिए एक रिजर्व डे रखा हुआ है। अगर 26 को बारिश के कारण भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच नहीं हो सका तो यह मैच रिजर्व डे यानी 27 मार्च को खेला जाएगा। अगर बारिश और खराब मौसम ने इन दिन भी मैच नहीं होने दिया तो फाइनल के लिए किस टीम को टिकट दिया जाएगा।
अगर ऐसी कोई सूरत बनती है तो लीग मैचों में दोनों टीमों के प्रदर्शन को देखा जाएगा। इस लिहाज से टीम इंडिया को फायदा हो जाएगा क्योंकि लीग मैचों में वह सभी 6 मैच जीतकर अपने पूल (बी) में शीर्ष पर रही थी जबकि ऑस्ट्रेलिया अपने पूल (ए) में दूसरे स्थान पर रहा था। लीग मैचों में उसे न्यूजीलैंड से हार मिली और बांग्लादेश के खिलाफ बारिश के कारण मैच नहीं हो सका था।
फिलहाल आज मंगलवार को सिडनी में बारिश हो रही है और तूफान आने की चेतावनी जताई गई है। जहां तक बुधवार की बात है तो काले बादल छाए रहने का अनुमान है। लेकिन मैच के दिन यानी 26 को अभी बारिश की कोई संभावना नहीं दिखती है और जो पूर्वानुमान है उसके आधार पर उस दिन मौसम साफ रहेगा।