बारिश ने टीम इंडिया को दिया झटका तो बांग्लादेश को हुए मजे
फातुल्लाह टेस्ट मैच में लगभग 3 दिन का खेल बारिश से धुल गया जिस कारण मैच का कोई परिणाम नहीं निकल सका।
हालांकि मैच के अंतिम दिन भारतीय गेंदबाजों ने जबर्दस्त गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश की पहली पारी 256 रनों पर समेट दी और फिर फॉलोऑन के लिए भी बुला दिया। लेकिन दूसरी पारी खेलने के लिए वक्त नहीं बचा और मैच को ड्रॉ पर खत्म करा दिया गया।
मैच के ड्रॉ पर खत्म होने से कप्तान विराट कोहली का बतौर कप्तान टेस्ट मैच में जीत का पहला स्वाद चखने का सपना अधूरा रह गया। टेस्ट में पहली जीत के लिए उन्हें अभी लंबा इंतजार करना होगा। भारत को दो महीने के बाद श्रीलंका के दौरे पर जाना है जहां उसे टेस्ट सीरीज खेलना होगा और वहीं पर कोहली अपना सपना पूरा कर सकते हैं।
बांग्लादेश के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में बारिश के कारण सीधी जीत का मौका न मिल पाने से मायूस भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि अगर टेस्ट मैच में रिजर्व डे का प्रावधान हो तो यह बेहतर रहेगा। उन्होंने कहा कि इस पर बहस हो सकती है लेकिन मेरी नजर में यदि नतीजा संभावित लग रहा हो तो रिजर्व डे में कोई नुकसान नहीं है।
साथ ही भारतीय कप्तान कोहली ने बांग्लादेश के खिलाफ ड्रॉ हुए वर्षा बाधित टेस्ट मैच में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सराहते हुए कहा कि लड़कों ने निस्वार्थ प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि हमारे बल्लेबाजों खासकर मुरली विजय, शिखर धवन और अजिंक्य रहाणे ने अच्छा प्रदर्शन किया। यह सचमुच निःस्वार्थ प्रदर्शन था जहां टीम हित सर्वोपरि था क्योंकि खिलाड़ी जानते थे कि वर्षा के कारण ज्यादा समय नहीं है इसलिए उन्होंने तेजी से रन बटोरे। बारिश के कारण बाधा से दोनों टीमों को निराशा हुई होगी। हम चाहते थे कि पांचों दिन खेल होता।
पूर्णकालिक टेस्ट कप्तान के रूप में यह विराट का पहला मैच था। आर अश्विन और हरभजन सिंह की गेंदबाजी के बारे में उन्होंने कहा कि दो अच्छे स्पिनरों को दोनों छोरों से गेंद करते देखना अच्छा लगा। उन्होंने बल्लेबाजों को दबाव में रखा। हमने जितना भी समय मैदान में बिताया खिलाड़ियों ने पूरी लगन दिखाते हुए अच्छे प्रयास किए।
बारिश से भारत को मिला झटका, बांग्लादेश को हुआ फायदा
इस टेस्ट मैच के शुरू होने से पहले टीम इंडिया को टेस्ट रैंकिंग में अपनी तीसरा पायदान बचाने के लिए यह मैच हर हाल में जीतना था क्योंकि ऐसी स्थिति में उसके 2 अंक घट जाते और 97 अंक हो जाते।
लेकिन लगातार बारिश होने के कारण बांग्लादेश के खिलाफ फातुल्लाह टेस्ट ड्रॉ खेलने को मजबूर हुई भारतीय टीम को इस परिणाम से टेस्ट रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान हो ही गया और अब टीम 2 अंक गंवाकर चौथे स्थान पर पहुंच गई है।
इस रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका शीर्ष पर है, ऑस्ट्रेलिया दूसरे और न्यूजीलैंड तीसरे स्थान पर है। इससे पहले टीम इंडिया 99 अंक लेकर न्यूजीलैंड के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर थी लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ मैच के बाद वह तीसरे से चौथे पायदान पर खिसक गई।
टीम इंडिया को 2 अंकों का नुकसान हुआ है। इंग्लैंड और पाकिस्तान के अलावा टीम इंडिया के भी 97-97 अंक हैं लेकिन औसत के आधार पर भारत (97.47) इन दोनों टीमों से आगे है। दोनों टीमें संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं।
जबकि इस ड्रॉ से मेजबान बांग्लादेश को फायदा हुआ और उसे 2 रैंकिंग अंक मिल गए। 41 अंकों के साथ वह नौंवें पायदान पर है।