बेमिसाल संयोग! टीम इंडिया की जीत में 'छक्के' का कमाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीम इंडिया इस बार ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की धरती पर वर्ल्ड कप में अपना खिताब बचाने के अभियान में मैदान पर उतरी है और अपने इस मिशन में भारतीय टीम ने पहला चरण सौ फीसदी रिजल्ट के साथ पार भी कर लिया है।
महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया ने लीग चरण में खेले अपने सभी 6 मैच जीत लिए हैं। अपने इस जीत में उसने जिम्बाब्वे को हराने से पहले चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, यूएई, वेस्टइंडीज और आयरलैंड को धूल चटाया। भारत ने पिछले पांचों मैच बेहद आसानी से जीत लिया था, लेकिन अंतिम लीग मैच में उसे जिम्बाब्वे जैसी टीम ने जोरदार चुनौती दे डाली।
रोमांचक मुकाबले में एक बार भारत पर हार का संकट भी मंडरा रहा था जब उसके 4 विकेट महज 92 रन पर ही गिर गए थे, लेकिन सुरेश रैना ने शानदार शतक जमाने के साथ ही कप्तान धोनी संग 196 रनों की बड़ी साझेदारी कर संकट को टाल दिया और शानदार जीत दिला दी। टीम इंडिया की वर्ल्ड कप में यह लगातार 10वीं जीत भी है।
भारत खिताब बचाने का अपना दूसरा चरण अगले हफ्ते से शुरू करेगा जहां उसे टूर्नामेंट का नॉकआउट दौर खेलना है। अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले की बात की जाए तो अफ्रीकी टीम पर मिली रोमांचक जीत में भारत के लिए 6 अंकों का योगदान गजब का है। आइए, जानते हैं कि किस तरह से है 6 का योगदान इस मैच में भारत के लिए।
6 का संयोग जानकर दंग रह जाएंगे आप!
टीम इंडिया की इस जीत में 6 का योगदान गजब का है। इस मैच से पहले भारत ने लगातार 5 बार विपक्षी टीम को 50 ओवर से पहले आउट करने का कारनामा कर दिखाया था लेकिन आज भारतीय गेंदबाजों ने एक बार फिर गजब की गेंदबाजी की और विपक्षी टीम को 50 ओवरों से पहले ही समेट दिया। इस तरह से भारतीय गेंदबाज लगातार 6 बार से विपक्षी टीम को पूरे 50 ओवर खेलने का मौका नहीं दे रहे हैं। भारत ने 6 मैचों में कुल 60 विकेट झटकने का कारनामा कर दिखाया है।
ये तो रहा गेंदबाजों की ओर से 6 का संयोग। अब बात करते हैं बल्लेबाजों की ओर से 6 के संयोग के बारे में। भारत ने जिम्बाब्वे को 6 विकेट से हराते हुए टूर्नामेंट में लगातार 6 जीत का रिकॉर्ड बना दिया है। यह जीत इस मायने में भी खास है क्योंकि कप्तान धोनी ने विजयी छक्का मारकर टीम की जीत पर मुहर लगा दी।
इसके अलावा भारत को जीत के द्वार पर ले जाने वाले सुरेश रैना (नाबाद 110) और कप्तान धोनी (नाबाद 85) ने पांचवें विकेट के लिए 26 ओवर में 196 रनों की जोरदार साझेदारी की और इस साझेदारी के दौरान दोनों ने कुल 6 छक्के भी लगाए। विजयी छक्का लगाने वाले धोनी ने 2 और रैना ने कुल 4 छक्के जड़े। दिलचस्प बात यह भी है कप्तान धोनी छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए और रैना के साथ खेलते हुए टीम को जीत के पार ले गए।