क्रिकेट से राजनीति की पिच पर उतरे इमरान खान अब पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री बन चुके हैं। शपथग्रहण समारोह में उन्होंने अपने दौर के साथी क्रिकेटर्स को भी न्यौता भिजवाया। मगर भारत से नवजोत सिंह सिद्धू के अलावा कोई और उस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सका।
बहरहाल इस मौके पर भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने इमरान खान से जुड़ा एक अहम खुलासा किया है। यह किस्सा है गावस्कर के संन्यास से जुड़ा।
अपने पुराने दोस्त को याद करते हुए लिटिल मास्टर ने कहा कि जब वह संन्यास लेने की योजना बना रहे थे तो इमरान ने उन्हें ऐसा करने से रोका था। साथ-साथ उन्हें घर घुसकर हराने का चैलेंज भी दे डाला था।
दरअसल, 1986 में भारत के इंग्लैंड दौरे के बाद गावस्कर संन्यास लेने की योजना बना रहे थे। गावस्कर ने बताया कि, 'हम लंदन के एक इटालियन रेस्तरां में बैठे लंच कर रहे थे। उस दौरान मैंने सोचा कि अगर दौरे की घोषणा आखिरी टेस्ट से पहले नहीं हुई तो मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा कर दूंगा।'
इमरान खान को जैसे ही पता लगा कि गावस्कर संन्यास की योजना बना रहे हैं तो उन्होंने गावस्कर से कहा, 'अभी आप रिटायर नहीं हो सकते। पाकिस्तान अगले साल भारत आ रहा है और मैं भारत को भारत में हराना चाहता हूं। अगर आप उस टीम का हिस्सा नहीं होंगे तो इसमें वह मजा नहीं आएगा। चलो एक आखिरी बार एक-दूसरे का सामना करें।'