{"_id":"fdd64ed82caccf2126b29d9a4b854197","slug":"srinivasan-says-sorry-to-supreme-court-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"अपनी हरकत पर श्रीनिवासन ने कोर्ट से मांगी माफी","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
अपनी हरकत पर श्रीनिवासन ने कोर्ट से मांगी माफी
अमर उजाला, दिल्ली
Updated Sat, 28 Feb 2015 12:53 PM IST
विज्ञापन
बीसीसीआई कार्य समिति की बैठक की अध्यक्षता करने पर एन श्रीनिवासन ने सुप्रीम कोर्ट से बिना शर्त माफी मांग ली। शीर्ष अदालत ने श्रीनिवासन को माफी देते हुए भविष्य में बीसीसीआई की बैठक में भाग लेने से मना किया है।
विज्ञापन
शुक्रवार को श्रीनिवासन की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कहा कि आठ फरवरी को हुई बीसीसीआई की बैठक में न तो कोई निर्णय लिया जाना था और न ही कोई प्रशासनिक आदेश पारित किया जाना था।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि 22 जनवरी के आदेश की अवहेलना करने का श्रीनिवासन का कोई इरादा नहीं था। न्यायमूर्ति टीसी ठाकुर की अध्यक्षता वाली पीठ ने श्रीनिवासन के खिलाफ अवमानना याचिका को बंद कर दिया।
विज्ञापन
हालांकि पीठ ने दो मार्च को होने वाले बीसीसीआई के चुनाव में तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधि के तौर पर श्रीनिवासन को वोट देने की इजाजत दी है।
अवमानना याचिका दाखिल करने वाले क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार की ओर से पेश वरिष्ठ वकील नलिनी चिदंबरम ने वोट देने की इजाजत मिलने पर आपत्ति जताई।
सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को एक बार फिर से साफ किया कि जब तक पूर्व प्रधान न्यायाधीश आरएम लोढ़ा की अध्यक्षता वाला आयोग हितों के टकराव वाले मसले पर अपने फैसला नहीं लेता तब तक वह बीसीसीआई की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे।
अवमानना याचिका में आरोप लगाया गया है कि श्रीनिवासन ने आठ फरवरी को बीसीसीआई की बैठक में हिस्सा लिया, जो शीर्ष अदालत के 22 जनवरी केआदेश का उल्लंघन है।
मोदी से मुलाकात के बाद पंवार ने चुनाव में ठोकी ताल
सुप्रीम कोर्ट की ओर से श्रीनिवासन को तगड़ा झटका दिए जाने के बाद बीसीसीआई के दो मार्च को होने वाले चुनाव की सेज सज चुकी है। दिग्गज शरद पवार ने इस चुनाव के लिए ताल ठोक दी है।
उम्मीद की जा रही है कि शनिवार को वह चेन्नई पहुंचेंगे और रविवार को अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। वह यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद उठा रहे हैं।
बीसीसीआई चुनाव में भी भाजपा महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रही है। अब जिस कैंप को भी भाजपा के आठ वोटों का आशीर्वाद मिलेगा। बीसीसीआई का अगला अध्यक्ष वही होगा।
जिस तरह से शरद पवार की बीते दिनों प्रधानमंत्री से नजदीकियां देखी गई हैं और जिस उत्साह के साथ वह इस चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। उससे यही उम्मीद लगाई जा रही है कि भाजपा का समर्थन उन्हीं के पाले में गिरेगा।