सौरव गांगुली को बोर्ड की बैठक में शामिल होने के लिए अपनाना पड़ा अनोखा तरीका!
'सिटी ऑफ जॉय' यानी कोलकाता के सबसे चहेते क्रिकेटर और पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की बैठक में शामिल होने के लिए अनोखा तरीका अपनाना पड़ा। वो पीले रंग की एम्बेसडर टैक्सी में बैठकर होटल पहुंचे और बोर्ड की बैठक में शामिल हुए।
गांगुली वैसे तो आमतौर पर अपनी BMW कार में बैठकर कहीं भी बाहर निकलना पसंद करते हैं, लेकिन कोलकाता के एक्साइड क्रॉसिंग पर उनकी कार खराब हो गई। इसके बाद उन्होंने इंतजार करने के बजाय पीली टैक्सी ली और फाइव स्टार होटल में जाकर बोर्ड की बैठक में हिस्सा लिया।
होटल से बाहर इस तरह उतरे गांगुली
गांगुली के ड्राईवर ने कहा, 'एक्साइड क्रॉसिंग के पास ली रोड पर BMW खराब हो गई। उन्होंने (गांगुली) पीली टैक्सी को रोका और बैठक में शामिल होने के लिए निकल गए।' पूर्व भारतीय कप्तान को फाइव स्टार होटल के परिसर के बाहर पीली टैक्सी से उतरते हुए देखा गया। इसके बाद वो बैठक में शामिल हुए जो कि आधे घंटे की देरी से शुरू हुई।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) के अध्यक्ष गांगुली ने फिर बीसीसीआई की तकनीकी समिति बैठक की अध्यक्षता की।