INDvPAK: शुभमन गिल ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, टीम इंडिया की दूसरी सबसे बड़ी जीत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीम इंडिया ने मंगलवार को आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 203 रन के विशाल अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पृथ्वी शॉ के नेतृत्व वाली टीम इंडिया फाइनल में मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से होगा, जो शनिवार को हेगले ओवल में खेला जाएगा।
भारतीय अंडर-19 टीम ने क्राइस्टचर्च में खेले गए सेमीफाइनल में शुभमन गिल (102*) की धमाकेदार पारी की बदौलत 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 272 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 29.2 ओवर में 69 रन पर ढेर हो गई। इस मैच को जीतने वाली टीम इंडिया और शुभमन गिल ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाई।
चलिए एक नजर डालते हैं भारत-पाक के बीच सेमीफाइनल में बने रिकॉर्ड्स पर:
शुभमन गिल रिकॉर्ड्स बुक के बने बादशाह
# शुभमन गिल आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत-पाक के बीच हुए मुकाबलों में शतक जमाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले सर्वश्रेष्ठ स्कोर सलमान बट के नाम दर्ज था, जिन्होंने 2002 में टीम इंडिया के खिलाफ 85* रन की पारी खेली थी।
# शुभमन गिल मौजूदा आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप में शतक जमाने वाले टीम इंडिया के पहले बल्लेबाज बने।
# शुभमन गिल अंडर-19 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाजों में तीसरे नंबर पर रहे। सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज हैं, जिन्होंने 2008 में वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 73 गेंदों में शतक जमाया था। दूसरे नंबर पर दिल्ली के ऋषभ पंत काबिज हैं, जिन्होंने 2016 में नामीबिया के खिलाफ 82 गेंदों में सैकड़ा जमाया था। आज शुभमन गिल ने पाकिस्तान के खिलाफ 93 गेंदों में शतक ठोंका।
# शुभमन गिल यूथ वन-डे इतिहास में लगातार 6 अर्धशतक लगाने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं। वह अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास में लगातार चार अर्धशतक लगाने वाले मेहिदी हसन मिराज के बाद दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
टीम इंडिया ने की रिकॉर्ड्स की बरसात
# भारत की पाकिस्तान पर सेमीफाइनल में 203 रन की जीत रनों के अंतर से उसकी यूथ वन-डे नॉकआउट मैच की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। टीम इंडिया ने इससे पहले 2006 में अंडर-10 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 234 रन से हराया था, जो रिकॉर्ड अब भी कायम है। अफ़ग़ानिस्तान की 2017 एशिया कप के फाइनल में पाक पर 202 रन की जीत तीसरी सबसे जीत है।
# टीम इंडिया ने आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में छठी बार प्रवेश किया, जो रिकॉर्ड है। अब तक ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की टीम 5-5 बार फाइनल में पहुंच सकी हैं।
# टीम इंडिया ने पाक के सामने 273 रन का लक्ष्य रखा। टीम इंडिया कभी यूथ वन-डे मुकाबला नहीं हारी, जब उसे 270 या इससे अधिक लक्ष्य की रक्षा करना हो।
# आईसीसी इवेंट्स में टीम इंडिया की धूम, पहला मैच जिससे खेला उसी से हुआ फाइनल मैच।
1) चैंपियंस ट्रॉफी 2017 में टीम इंडिया का पहला मैच पाक से हुआ। फाइनल में टीम इंडिया और पाक की ही हुई भिड़ंत।
2) महिला वर्ल्ड कप 2017: टीम इंडिया ने पहला मैच इंग्लैंड से खेला। फाइनल टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच हुआ।
3) अंडर-19 वर्ल्ड कप 2018: टीम इंडिया ने अपना पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला। शनिवार को भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच होगा फाइनल।