IPL के खत्म होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों की निगाहें वर्ल्ड कप पर टिकी है। 30 मई से शुरू होने जा रहे 12वें आईसीसी क्रिकेट विश्व कप की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। दुनिया भर के क्रिकेटप्रेमी इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। विश्व कप में टीम इंडिया अपने अभियान की शुरुआत 5 जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साउथम्प्टन के रोज बाउल ग्राउंड में करेगी। कप्तान विराट कोहली की अगुआई में टीम इंडिया को इस बार विश्व कप का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। ऐसे में टीम को रोहित शर्मा और शिखर धवन की सलामी जोड़ी से काफी उम्मीदें होंगी।
दरअसल, एक समाचार एजेंसी को दिए इंटरव्यू में धवन से जब पूछा गया कि क्या आगामी टूर्नामेंट से पहले वह रोहित से लगातार बातचीत कर रहे हैं? धवन ने कहा कि रोहित मेरी पत्नी नहीं है, जो मैं हमेशा उनसे बात करता रहूं। बातें करके क्या होगा? रोहित मेरी बीवी थोड़ी है। अगर आप किसी के साथ वर्षो तक खेलते हैं तो आप उन्हें अच्छे से जान जाते हैं। रोहित के साथ, हम कुछ विशेष नहीं करते। पृथ्वी के साथ बल्लेबाजी करते हुए भी यही चीज होती है। अगर एक खिलाड़ी तेजी से रन बना रहा है तो दूसरे को उसका साथ निभाना होगा।'
इसके बाद जब उनसे अपने ऊपर पड़ने वाले दबाव के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'दबाव किस बात का? यह मेरा रोज का काम है। मैं सुनिश्चित करता हूं कि मैं आम बातों का ध्यान रखूं और मेरा दिमाग हमेशा साफ रहता है। कभी-कभी आप रन बनाते हैं, कभी-कभी ऐसा नहीं हो पाता। लेकिन मैं हमेशा शांत रहता हूं, उन चीजों पर ध्यान देता हूं जिस पर मुझे काम करना है और फिर अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करता हूं। मैं ज्यादा चिंता करने पर विश्वास नहीं करता।'
धवन ने आगे कहा, 'यह सीजन बहुत सकारात्मक रहा है क्योंकि अगर आप अच्छा करते हैं तो आप अच्छी लय में आ जाते हैं। IPL के अलावा, मैंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ भी अच्छा प्रदर्शन किया। प्रारूप को बदलने की कोई चुनौती नहीं है क्योंकि यह सब कुछ मानसिकता से जुड़ा हुआ है और चीजें बदलने में एक मिनट का समय लगता है। हम वर्ल्ड कप के लिए किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।'
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने आगे कहा, 'हमारे पास कोहली, धोनी, रोहित और मेरे जैसे खिलाड़ी हैं और साथ ही साथ हमारे पास कई बेहद प्रतिभाशाली युवा भी हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि हमारे पास जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी के रूप में बेहद मजबूत गेंदबाजी क्रम मौजूद है। वहीं, हार्दिक पांड्या जैसे स्टार ऑलराउंडर है।'