PAKvsSA: बार्टमैन की जगह दक्षिण अफ्रीका ने इस नए तेज गेंदबाज को किया शामिल
दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान दौरे पर रवाना होने वाली अपनी 21 सदस्यीय टीम में तेज गेंदबाज ओटनील बार्टमैन की जगह एक अन्य नए तेज गेंदबाज मार्को जानसन को टीम में शामिल किया है।
टीम के सभी खिलाड़ी कोविड-19 जांच में निगेटिव आए हैं और दौरे पर जाने के लिए तैयार हैं। दक्षिण अफ्रीका टीम 14 साल के बाद पाकिस्तान दौरे पर जा रही है, जहां उसे 26 जनवरी से शुरू होने वाली दो टेस्ट की श्रृंखला के अलावा तीन मैचों की टी-20 श्रृंखला में भाग लेना है। टेस्ट मैच कराची और रावलपिंडी में खेले जाएंगे जबकि टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले लाहौर में खेले जाएंगे।
बार्टमैन को पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया था लेकिन चिकित्सा कारणों से उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। यह मामला हालांकि कोविड-19 से नहीं जुड़ा है। क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका ने ट्वीट कर बताया, 'पाकिस्तान जाने वाले दक्षिण अफ्रीका के सभी खिलाड़ी कोविड-19 जांच में निगेटिव आये है। टीम में एक बदलाव हुआ है, चिकित्सा कारणों से ओटनील बार्टमैन की जगह मार्को जानसन को चुना गया है।'
Your #Proteas are Pakistan bound after all players COVID-19 tests returned negative.
There has been one change in the squad as Ottniel Baartman has been replaced by Marco Jansen due an unrelated medical reason. #PAKvSA #SeeUsOnThePitch pic.twitter.com/B29kZuYQYH— Cricket South Africa (@OfficialCSA) January 15, 2021