प्रतिबंधित गेंदबाज सईद अजमल की अगली परीक्षा 24 को
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान के फिरकी गेंदबाज सईद अजमल इन दिनों अपनी गेंदबाजी एक्शन को लेकर काफी संघर्ष कर रहे हैं। आईसीसी ने इस ऑफ स्पिनर को उनकी संदिग्ध गेंदबाजी एक्शन के चलते पिछले साल सितंबर महीने में गेंदबाजी करने से प्रतिबंधित कर दिया था। उसके बाद से वह लगातार अपनी गेंदबाजी एक्शन में सुधार करने में जुटे हैं।
अजमल को अब 24 जनवरी को चेन्नई में आईसीसी के अधिकारियों के सामने अपनी नई और सुधरी हुई गेंदबाजी एक्शन के साथ गेंदबाजी टेस्ट देना होगा। अगर वह उनका एक्शन सही पाया जाता है तो उन पर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदबाजी करने पर लगा प्रतिबंध हटा लिया जाएगा। अगर वह इस टेस्ट में नाकाम हो जाते हैं तो आईसीसी की बॉलिंग रिव्यू ग्रुप (बीआरजी) इस पाक गेंदबाज के लिए फिर एक समय निर्धारित करेगा, लेकिन इस समय से पहले वह अपने नए एक्शन के साथ आईसीसी के अधिकारियों के सामने अपना बदला हुआ एक्शन नहीं दिखा पाएंगे।
अजमल को पिछले साल कई गलत गेंद फेंकने के कारण सितंबर में प्रतिबंधित कर दिया गया था। हालांकि उन्होंने उस समय वर्ल्ड कप के लिए पाक टीम में चयन के कारण अपने नए एक्शन पर काम नहीं शुरू किया था। इस साल 7 जनवरी तक अपने खिलाड़ियों के नाम का चयन कर आईसीसी के पास भेजने की अंतिम समयसीमा थी।
वापसी के बाद रिपोर्ट हुआ तो एक साल का लगेगा बैन
प्रतिबंधित गेंदबाज सईद अजमल के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने आईसीसी से दूसरी बार पुनर्मूल्यांकन के लिए आईसीसी से अनुरोध किया था। इससे पहले पीसीबी ने आईसीसी से अपने अनुरोध को बाद में वापस ले लिया था। आईसीसी ने तब उन्हें 7 दिसंबर का वक्त दिया था लेकिन पाक बोर्ड ने अजमल के एक्शन में और सुधार की बात कहकर अपना अनुरोध वापस ले लिया।
नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के हेड कोच मोहम्मद अकरम ने कहा कि हमें लगता है कि वह अपने टेस्ट के लिए तैयार है। हमने समय लिया और उस पर बहुत ज्यादा दबाव नहीं डाला क्योंकि हम चाहते हैं कि तय समय में अपनी गेंदबाजी में सुधार कर वापसी करे। उसका करियर वर्ल्ड कप के साथ ही खत्म नहीं हो रहा है, बड़ी बात यह है कि वह वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट खेलना जारी रखे। क्रिकेट उसके लिए ब्रेड और मक्खन की तरह है और उसने कई बार पाकिस्तन को मुश्किल वक्त से बाहर निकाला है।
अगर अजमल यह परीक्षा पास कर जाता है तो वह फिर से गेंदबाजी कर सकेंगे, लेकिन अगर फिर से सितंबर, 2016 से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दौरान उनके एक्शन को लेकर रिपोर्ट किया जाता है तो उन पर सीधे एक साल के लिए प्रतिबंध लग जाएगा।
प्रतिबंध लगने से पहले उनकी कुहनी 42 डिग्री तक मुड़ जाती थी और यही उनके बैन का कारण भी बना। पिछले 4 महीने के दौरान उन्होंने पूर्व स्पिनर सकलैन मुश्ताक के साथ अपनी गेंदबाजी एक्शन पर काफी काम किया है।