सचिन का जन्मदिन: कोरोना से उबरे मास्टर-ब्लास्टर, प्लाज्मा डोनेट करने का लिया संकल्प
तेंदुलकर ने पिछले साल मुंबई के अंधेरी के सेवन हिल्स अस्पताल में कोविड-19 रोगियों के इलाज के लिए प्लाज्मा थेरेपी यूनिट का उद्घाटन किया था।
विस्तार
सचिन तेंदुलकर का आज 48वां जन्मदिन है। मास्टर-ब्लास्टर हर साल इस दिन को खास बनाने का कोई मौका नहीं छोड़ते। हाल ही में कोरोना से उबरने वाले इस महान क्रिकेटर ने एक सराहनीय घोषणा की है। बीते माह कोरोना पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल में भर्ती होेने वाले सचिन ने प्लाजमा थैरेपी के लिए रक्त दान की घोषणा की है। साथ ही साथ उन्होंने कोविड महामारी से हाल-फिलहाल में जंग जीतने वाले तमाम लोगों से आगे आने की अपील की है।
फैंस के बीच 'क्रिकेट के भगवान' नाम से मशहूर तेंदुलकर ने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है, जहां बढ़ी दाढ़ी के साथ वह अपनी बात रखते नजर आ रहे हैं। 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिर अंतरराष्ट्रीय मैच (टेस्ट) खेलने वाले इस क्रिकेटर ने कहा, 'मैं डॉक्टर्स का एक संदेश आगे बढ़ाना चाहता हूं। पिछले साल, मैंने एक प्लाज्मा दान केंद्र का उद्घाटन किया। डॉक्टरों ने मुझे संदेश दिया है कि अगर सही समय पर प्लाज्मा दिया जाए तो मरीज तेजी से ठीक हो सकते हैं। मैं खुद, यह करने जा रहा हूं। मैंने अपने डॉक्टरों से बात की है। आप में से जो कोविड-19 से उबर चुके हैं, कृपया अपने चिकित्सक से परामर्श करें, और जब अनुमति हो, तो कृपया अपना रक्त दान करें। इससे बहुत सारी समस्याओं का समाधान होगा। मेरा आपसे आग्रह है कि कृपया रक्त दान करें और अपने साथी भारतीयों की मदद करें। आपकी शुभकामनाओं और प्रार्थनाओं के लिए एक धन्यवाद।'
Thank you everyone for your warm wishes. It's made my day special. I am very grateful indeed.
— Sachin Tendulkar (@sachin_rt) April 24, 2021
Take care and stay safe. pic.twitter.com/SwWYPNU73q
बीता एक माह बेहद कठिन रहा
तेंदुलकर ने पिछले महीने कोरोना से पीड़ित होने के दौरान अपने साथ गुजरनी वाली चीजों के बारेमें भी बताया। जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए फैंस का शुक्रिया भी अदा किया। बकौल सचिन, 'पिछला महीना मेरे लिए कठिन था। मैं पॉजिटिव आने के बाद 21 दिन के लिए क्वारंटीन में रहा। मेरे परिवार और दोस्तों की प्रार्थना और शुभकामनाएं काम आईं। डॉक्टरों और उनके पूरे स्टाफ ने मुझे सकारात्मक सोच के साथ रखा और मुझे उबरने में मदद की। आप सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद।'