IPL के दाग धोएंगे सचिन और सौरव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सट्टेबाजी और स्पॉट फिक्सिंग के भंवर में फंसी इंडियन प्रीमियर लीग की खोई साख को दोबारा लौटाने के लिए सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली की पूर्व ओपनिंग जोड़ी एक बार फिर मैदान में उतरेगी।
बीसीसीआई ने आईपीएल के दामन पर लगे दाग धोने के लिए कमर कस ली है और इसका जिम्मा सचिन और सौरव जैसे पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों को सौंपा गया है।
ये दोनों मार्च से शुरू किए जा रहे बोर्ड के ‘क्लीन आईपीएल’ कैंपेन के जरिए आईपीएल की छवि बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे और लोगों को संदेश देंगे कि आईपीएल हमेशा से भ्रष्टाचार मुक्त रहा है।
आईपीएल के लिए संजीवनी बन सकता है अभियान
बीसीसीआई के इस अभियान का मकसद टूर्नामेंट में लोगों का विश्वास और रुचि बरकरार रखना है। इस बारे में पूछे जाने पर बोर्ड से जुड़े सूत्र ने कहा कि अभियान के तहत हमारा ध्यान सिर्फ हिंदी और इंग्लिश भाषा पर नहीं है, बल्कि हम देश भर के शीर्ष क्रिकेटरों से अलग-अलग भाषा में लोगों को यह संदेश देने के लिए कहेंगे ताकि हमारी बात अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
ये सभी दिग्गज क्रिकेटर आईपीएल की सकारात्मक बातों से लोगों को अवगत कराएंगे। अभियान के तहत सचिन जहां मराठी में यह संदेश देंगे तो गांगुली बंगाली भाषा में अपनी बात कहेंगे। कई खराब बातों के कारण चर्चा में रहे आईपीएल के लिए बीसीसीआई का यह अभियान संजीवनी का काम कर सकता है।
सूत्र ने साथ ही यह भी कहा कि देश में आगामी लोकसभा चुनाव के चलते यदि टूर्नामेंट को दक्षिण अफ्रीका स्थानांतरित किया जाता है तो वहां रह रहे प्रशंसकों को आईपीएल की सच्चाई और विश्वसनीयता के बारे में बताना जरूरी हो जाएगा और इसके लिए भारतीय क्रिकेटरों से अच्छा जरिया और क्या हो सकता है।
क्या है क्लीन आईपीएल कैंपेन
देशभर में आईपीएल की विश्वसनीयता बरकरार रखने और टूर्नामेंट को लोकप्रिय बनाने के लिए विभिन्न भाषाओं में संदेश जारी किए जाएंगे तथा देश के कई दिग्गज क्रिकेटरों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।
इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले क्रिकेटर अपनी भाषा में आईपीएल के लिए संदेश देते दिखाई देंगे। सचिन मराठी भाषा में तो गांगुली बंगाली में आईपीएल के लिए संदेश जारी करेंगे।
इंडियन प्रीमियर लीग के छठे संस्करण के दौरान सट्टेबाजी और स्पॉट फिक्सिंग मामले में बोर्ड अध्यक्ष श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मैयप्पन के सट्टेबाजों से संबंध उजागर हुए, जिसके चलते उन्हें जेल भी जाना पड़ा। वहीं राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाड़ियों एस. श्रीसंत, अजित चंदीला और अंकित चव्हाण को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया।