वॉर्न के खिलाफ फिर मैदान पर उतरेंगे सचिन तेंदुलकर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व करिश्माई लेग स्पिनर शेन वॉर्न एक बार फिर एक-दूसरे के खिलाफ क्रिकेट के मैदान पर जोर-आजमाइश करते नजर आएंगे। इस बार मामला कुछ खास होगा क्योंकि दोनों ही अपनी-अपनी टीमों के कप्तान भी हैं।
अमेरिका में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए तेंदुलकर के अलावा वॉर्न सहित दुनिया के कई स्टार खिलाड़ी नवंबर में यहां टी-20 मैच में शिरकत करेंगे। अगले महीने अमेरिका में ये तीनों टी-20 मैच खेले जाएंगे।
समाचार पत्र वाल स्ट्रीट जनरल के अनुसार, ये मैच क्रिकेट मैच 'ऑल स्टार्स सीरीज 2015' के नाम से आयोजित होंगे और न्यूयॉर्क, ह्यूस्टन और लॉस एंजिलिस में खेले जाएंगे। इस सीरीज में टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले अन्य टीमों के 2 दर्जन से भी ज्यादा खिलाड़ी भाग लेंगे।
टी-20 के लिए क्रिकेट स्टेडियम में बदला जाएगा बेसबॉल स्टेडियम को
पहला मैच न्यूयॉर्क के सिटी फील्ड में 7 नवंबर को होगा, जबकि दूसरा 11 को ह्यूस्टन के मिनट मेड पार्क में और 14 को लॉस एंजिलिस के डोगर स्टेडियम में कराए जाएंगे। पहले 2 मैच दिन में होंगे जबकि अंतिम और तीसरा मैच फ्लडलाइट में 56 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में खेले जाएंगे।
इस मैच में तेंदुलकर और वॉर्न के अलावा पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम, वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व हरफनमौला जैक्स कैलिस, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज महेला जयवर्धने सहित अन्य स्टार खिलीाड़ी भी खेलेंगे। एक तरह से मैदान पर सन 2000 के आसपास के दिग्गज खिलाड़ी फिर से मैदान पर खेलते नजर आएंगे।
इसका आयोजन खेल और मनोरंजन फर्म लेवरेज एजेंसी ने किया है। इसके सीईओ बेन स्टर्नर ने कहा, "यह रोमांचक होगा जिसमें काफी रन बनेंगे। तीनों बेसबॉल स्टेडियमों को क्रिकेट स्टेडियम में बदल दिया जाएगा। इसके लिए पिच विशेषज्ञों को न्यूजीलैंड से बुलाया जाएगा।"
सचिन तेंदुलकर ने कहा, "इस मैच का मकसद वहां के लोगों पर क्रिकेट के प्रति अच्छा प्रभाव डालना है। इसलिए हम सभी यहां इकट्ठा होंगे ताकि लोगों का मनोरंजन कर सकें। इसके अलावा हम बेहतरीन क्रिकेट का प्रदर्शन करेंगे जिससे यहां के दर्शकों के मन में एक अच्छी यादें बस जाए।" वहीं शेन वॉर्न ने कहा, "अमेरिका में इतिहास रचने के लिए ये मैच खेले जा रहे हैं। मैं और सचिन न्यूयॉर्क के सिटी फील्ड में सिक्का उछालने जाएंगे तो यह यादगार पल होगा।"