रॉयल्स ने खत्म किया करार, तीनों दागियों पर FIR दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्पॉट फिक्सिंग में अपने 3 खिलाड़ियों की गिरफ्तारी से शर्मसार हुई राजस्थान रॉयल्स टीम ने सोमवार को उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दिया।
इससे पूर्व रविवार को राजस्थान रॉयल्स टीम मैनेजमेंट ने इस मामले में आरोपी तीनों खिलाड़ियों पर केस दर्ज कराने का फैसला किया था। मैनेजमेंट ने आरोपी खिलाड़ियों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है।
दिल्ली पुलिस ने 16 मई को मुंबई से श्रीसंत के अलावा अजित चंडीला और अंकित चव्हाण को गिरफ्तार किया था। आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने तीनों आरोपियों पर करार का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है।
दूसरी ओर, बीसीसीआई एंटी करप्शन यूनिट चीफ रवि स्वानी ने सोमवार को दिल्ली पुलिस के उन शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात की जो आईपीएल-6 में हुए स्पॉट फिक्सिंग की जांच कर रहे हैं।
स्वानी ने कहा कि बोर्ड ने दिल्ली पुलिस को जांच से जुड़ी सभी चीजें उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। पुलिस अधिकारियों से बैठक के बाद स्वानी ने कहा, ‘मेरी दिल्ली पुलिस कमिश्नर नीरज कुमार और अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक काफी बढ़िया हुई। बोर्ड ने दिल्ली पुलिस को सभी तरह से साथ देने का आश्वासन दिया है।’
साथ ही स्वानी ने कहा कि दिल्ली पुलिस को राजस्थान रॉयल्स द्वारा तीनों आरोपी क्रिकेटरों के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज करने के फैसले के आशय की जानकारी भी दे दी गई है।
वहीं भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने क्रिकेटरों पर साए की तरह निगरानी की शुरू कर दी है। बोर्ड की ओर से वर्किंग कमेटी की बैठक में आईपीएल टीमों के साथ एक नियमित एंटी करप्शन व सिक्योरिटी यूनिट (एसीएसयू) का अधिकारी लगाए जाने के निर्णय के एक दिन बाद ही चेन्नई सुपरकिंग्स व मुंबई इंडियंस टीमों के साथ एसीएसयू ऑफिसर की तैनाती कर दी गई।
ये अधिकारी सोमवार को दोनों ही टीमों के साथ टीम बस से फिरोजशाह कोटला पहुंचे।
अब तक आईपीएल में एसीएसयू के अधिकारी सिर्फ मैच वाले दिन ही आते थे। इस दौरान वह खिलाड़ियों पर नजर तो रखते थे। लेकिन ड्रेसिंग रूम में वे फिर भी नहीं जा पाते थे। लेकिन सोमवार से दोनों टीमों के साथ लगाया गया एक-एक अधिकारी खिलाड़ियों पर नजर रखने के लिए हर जगह जाने को स्वतंत्र होगा। यह अधिकारी टीम के साथ उसी होटल में रहेगा। यहां तक उसे ड्रेसिंग रूम में बैठने की इजाजत होगी।
मुंबई व चेन्नई टीमों के साथ जुड़े अधिकारियों ने अमर उजाला से इन अधिकारियों के जुड़ने की पुष्टि की। इनके मुताबिक इन अधिकारियों ने टीमों को अपने कार्य के बारे में संबोधित किया साथ ही उन्हें बोर्ड के नए दिशा निर्देशों के बारे में बताया।
सेवानिवृत पुलिस कमिश्नर रैंक के ये अधिकारी दोनों ही टीमों के साथ फिरोजशाह कोटला आए और ड्रेसिंग रूम तक गए। प्ले ऑफ में खेलने वाली अन्य दो टीमें राजस्थान रायल्स व हैदराबाद सनराइजर्स के साथ भी नियमित एसीएसयू अधिकारी तैनात कर दिया गया है।
इसके अलावा टीम प्रबंधन ने उनके साथ करार भी खत्म कर लिया है।