RCB में नहीं दिखेगा वह नाम, जो था इसकी पहचान
आपीएल सीजन-11 का आगाज होने से पहले ही सभी 8 फ्रैंचाइजियों ने अपनी टीमों के लिए नए पार्टनर्स और स्पॉन्सर्स को ढूंढना शुरू कर दिया है। वहीं पिछले एक दशक से आईपीएल का हिस्सा रह चुकी रॉयल चैंलेंजर बैंगलोर (आरसीबी) ने किंगफिशर के साथ स्पॉन्सरशिप को खत्म करते हुए नया स्पॉन्सर ढूंढ लिया है।
बता दें कि आरसीबी ने पहले सीजन से ही प्रीमियम ब्रांड किंगफिशर को अपना स्पॉन्सर बनाया हुआ था, लेकिन एक दशक खत्म होने के बाद अब दोनों के बीच यह समझौता खत्म हो गया है। सूत्रों की मानें तो आईपीएल के मौजूदा सीजन में 'ड्यूरा' आरसीबी की नई स्पॉन्सर होगी। अब आरसीबी की जर्सी पर किंगफिशर की जगह ड्यूरा कंपनी का नाम और लोगो दिखाई देगा।
हालांकि बैंगलोर आधारित फ्रैंचाइजी, ड्यूरा के अलावा और भी दूसरे स्पॉन्सर्स के साथ बातचीत कर रही है। आरसीबी ने टाइटल स्पॉन्सरशिप देने की शुरुआती कीमत 20 करोड़ रुपये निर्धारित की है। पिछले साल जियोनी ने आरसीबी की जर्सी पर अपना नाम छपवाने के लिए 14 करोड़ रुपये फ्रैंचाइजी को दिए थे। हालांकि स्मार्टफोन निर्माता कंपनी ने इस सीजन में आरसीबी के साथ स्पॉन्सरशिप को जारी नहीं रखा है।
वहीं लीक सूत्रों से पता चला है कि स्पॉन्सरशिप कपंनियां आरसीबी के साथ इस समझौते को काफी महंगा सौदा मान रही हैं। 20 करोड़ रुपये से शुरू होने वाली स्पॉन्सरशिप की कीमत अन्य टीमों की स्पॉन्सरशिप के मुकाबले बहुत ज्यादा है। कई कंपनियों के मालिकों का कहना है कि आरसीबी कप्तान विराट कोहली के नाम पर मोटी रकम वसूल रही है।