T20 World Cup: कीवियों के लिए 450 मैच खेल चुके इस महारथी की संन्यास से वापसी, समोआ के सपनों को देगा नई उड़ान
रॉस टेलर की मां लोटे समोआ की रहने वाली हैं। इसी वजह से उन्हें समोआ की टीम से खेलने का अवसर मिला है। वे अपने असली नाम और पारंपरिक उपाधि 'लेऑउपेपे लुटेरू रॉस पौटोआ लोटे टेलर' के नाम से खेलेंगे।
विस्तार
न्यूजीलैंड क्रिकेट के दिग्गज रॉस टेलर एक बार फिर मैदान पर लौटने जा रहे हैं। 2022 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले 41 वर्षीय टेलर ने घोषणा की है कि वे समोआ की ओर से टी20 वर्ल्ड कप क्वालिफायर टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे। यह टूर्नामेंट ओमान में खेला जाएगा।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए की घोषणा
टेलर ने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'संन्यास से वापस आ रहा हूं। यह आधिकारिक है। मुझे गर्व है कि मैं समोआ के लिए खेलने जा रहा हूं। यह सिर्फ क्रिकेट में वापसी नहीं है, बल्कि अपनी विरासत, संस्कृति, गांवों और परिवार का प्रतिनिधित्व करने का सम्मान है। मैं उत्साहित हूं कि अनुभव साझा कर सकूं और मैदान के अंदर-बाहर योगदान दे सकूं।'
टेलर की मां समोआ की रहने वालीं
रॉस टेलर की मां लोटे समोआ की रहने वाली हैं। इसी वजह से उन्हें समोआ की टीम से खेलने का अवसर मिला है। वे अपने असली नाम और पारंपरिक उपाधि 'लेऑउपेपे लुटेरू रॉस पौटोआ लोटे टेलर' के नाम से खेलेंगे।
View this post on Instagram
41 साल की उम्र में फिर मैदान पर उतरेंगे
41 साल के टेलर ने अपने करियर में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा मैच खेले हैं। उन्होंने 112 टेस्ट, 236 वनडे और 102 टी20I मुकाबले समेत कुल 450 मैच खेले हैं। टेस्ट क्रिकेट में कीवियों के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में केवल केन विलियम्सन से पीछे हैं। टेलर ने 19 टेस्ट शतक जड़े हैं, जो न्यूजीलैंड की ओर से विलियम्सन के बाद दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है।
पापुआ न्यू गिनी से होगा पहला मुकाबला
समोआ की टीम का सामना पापुआ न्यू गिनी से होगा, और इस मैच का विजेता अगले साल भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 विश्व कप में जगह बनाएगा। टेलर ने कहा, 'जब खिलाड़ी खुद आपको संन्यास से बाहर आने के लिए कहते हैं और मदद मांगते हैं, तो यह काफी शक्तिशाली एहसास होता है। मैं भले ही अब युवा नहीं हूं, लेकिन अभी भी खुद को फिट मानता हूं और मैदान पर दौड़ सकता हूं।'
गौरतलब है कि टेलर ने यह फैसला अपने दोस्त और पूर्व ब्लैककैप्स खिलाड़ी तरुण नेथुला के कहने पर लिया। इस कदम के साथ ही टेलर अपने करियर का नया अध्याय शुरू करेंगे और छोटे लेकिन महत्वाकांक्षी समोआ के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
टेलर ने न्यूजीलैंड के लिए 112 टेस्ट में 44.16 की औसत से 7684 रन बनाए। इनमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, 236 वनडे में उन्होंने 47.52 की औसत से 8602 रन बनाए। इनमें 21 शतक और 51 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा 102 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 122.38 के स्ट्राइक रेट से 1909 रन बनाए। इनमें सात अर्धशतक शामिल हैं।