Rishabh Pant Tweet: सड़क हादसे के बाद ऋषभ पंत का पहला ट्वीट, लिखा- वापसी का सफर शुरू, चुनौतियों के लिए तैयार
ऋषभ पंत ने बताया कि उनकी सर्जरी सफल रही है और वापसी का सफर शुरू हो गया है। उन्होंने सड़क हादसे के बाद मदद के लिए बीसीसीआई और जय शाह का भी शुक्रिया अदा किया।
विस्तार
हादसे के बाद पंत की जान बचाने वाले और उन्हें अस्पताल पहुंचाने वाले रजत कुमार और निशु कुमार के लिए पंत ने अलग ट्वीट कर दोनों का आभार जताया। पंत ने लिखा "मैं व्यक्तिगत रूप से सभी का शुक्रिया अदा नहीं कर सकता, लेकिन मुझे इन दो नायकों का शुक्रिया अदा करना चाहिए जिन्होंने हादसे के दौरान मेरी मदद की और सुनिश्चित किया कि मैं सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचूं। रजत कुमार और निशु कुमार, धन्यवाद। मैं हमेशा आपका आभारी और ऋणी रहूंगा।"
I may not have been able to thank everyone individually, but I must acknowledge these two heroes who helped me during my accident and ensured I got to the hospital safely. Rajat Kumar & Nishu Kumar, Thank you. I'll be forever grateful and indebted 🙏♥️ pic.twitter.com/iUcg2tazIS
— Rishabh Pant (@RishabhPant17) January 16, 2023
ऋषभ पंत ने लिखा "मैं सभी समर्थन और शुभकामनाओं के लिए विनम्र और आभारी हूं। मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरी सर्जरी सफल रही। रिकवरी का सफर शुरू हो गया है और मैं आगे की चुनौतियों के लिए तैयार हूं। अविश्वसनीय समर्थन के लिए बीसीसीआई, जय शाह और सरकारी अधिकारियों का धन्यवाद।"
I am humbled and grateful for all the support and good wishes. I am glad to let you know that my surgery was a success. The road to recovery has begun and I am ready for the challenges ahead.
— Rishabh Pant (@RishabhPant17) January 16, 2023
Thank you to the @BCCI , @JayShah & government authorities for their incredible support.
From the bottom of my heart, I also would like to thank all my fans, teammates, doctors and the physios for your kind words and encouragement. Looking forward to see you all on the field. #grateful #blessed
— Rishabh Pant (@RishabhPant17) January 16, 2023
घर लौटते समय हादसे का शिकार हुए थे पंत
भारत के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत 30 दिसंबर को सड़क हादसे का शिकार हुए थे। वह बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज खत्म होने के बाद दुबई गए थे और वहां से आने के बाद अपने घर लौट रहे थे। पंत अपनी मां को सरप्राइज देना चाहते थे, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। वह दिल्ली से अपनी निजी कार से रुड़की जा रहे थे और खुद ड्राइव कर रहे थे। 25 साल के इस बल्लेबाज ने जुझारूपन दिखाते हुए खुद कार का शीशा तोड़ा और कार से बाहर निकलने में कामयाब रहे। इसके बाद कार में आग लग गई।
एक बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मदद से पंत को अस्पताल पहुंचाया गया। यहां उनका शुरुआती इलाज हुआ और उनकी हालत खतरे से बाहर आने के बाद पंत को देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनकी प्लास्टिक सर्जरी हुई और कई स्कैन हुए। पंत की पीठ पर खरोंच आई थी। उनके चेहरे पर चोट लगने की वजह से टांके लगाए गए और पैर में भी फ्रैक्चर था। पैर के फ्रैक्चर की सर्जरी के लिए उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब पंत ने बताया है कि उनकी सर्जरी सफल रही है और क्रिकेट के मैदान में उनकी वापसी का सफर शुरू हो गया है।
ऋषभ पंत चोटिल होने से पहले ही भारत की वनडे और टी20 टीम से बाहर हो गए थे, लेकिन टेस्ट टीम में उनकी जगह पक्की थी। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पंत का खेलना तय था, लेकिन वह चोटिल होने की वजह से इस सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। अगर ऋषभ पंत एक महीने में मैच खेलने के लिए फिट हो जाते हैं तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी दो टेस्ट मैच में खेल सकते हैं। हालांकि, इसकी संभावना बेहद कम है। बीसीसीआई चाहेगा कि पंत पूरी तरह फिट होकर ही मैदान में लौटें, क्योंकि भारत को इसी साल वनडे विश्व कप भी खेलना है। ऐसे में पंत आईपीएल में वापसी कर सकते हैं। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि आईपीएल तक पंत के फिट होने की संभावना न के बराबर है।