एक दिन पहले लगाया ऐतिहासिक दोहरा शतक, अब कोरोना नियम तोड़ने पर टीम से बाहर
इंग्लिश काउंटी केंट के क्रिकेटर जोर्डन कॉक्स को कोविड-19 स्वास्थ्य सुरक्षा संबंधित प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने के लिए टीम के अगले प्रथम श्रेणी मैच से बाहर कर दिया गया। सोमवार को केंट के लिए रिकॉर्ड दोहरा शतक जड़ने वाले 19 साल के कॉक्स ने युवा प्रशंसकों के साथ फोटो खिंचवाकर प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया।
कॉक्स ने बॉब विलिस ट्राफी में ससेक्स के खिलाफ चार दिवसीय मैच में जैक लिनिंग के साथ 423 रन की नाबाद साझेदारी में नाबाद 237 रन की पारी खेली थी, लेकिन कुछ प्रशंसकों ने उनके साथ फोटो खिंचवाने का अनुरोध किया और उन्होंने ऐसा कर दिया जिसका मतलब है कि वह शनिवार को मिडिलसेक्स के खिलाफ टीम के अगले मैच का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।
कॉक्स ने अनुशासनहीनता के लिए माफी मांगी है। एक बयान में कहा, 'मैं इसके परिणाम पूरी तरह समझता हूं और मैं हर किसी से माफी मांगना चाहता हूं। मैं अगला मैच नहीं खेल पाऊंगा और मुझे लगता है कि जैसे कि मैंने टीम को शर्मिंदा किया है। मैं इसके लिए माफी मांगता हूं।'
अब जोर्डन कोक्स को खुद को पृथक रखना होगा और कोविड-19 में निगेटिव आने बाद ही उन्हें फिर से टीम से जुड़ने की अनुमति दी जा सकती है। केंट के क्रिकेट निदेशक पॉल डाउनटन ने कहा कि कॉक्स का उल्लंघन करना दुर्भाग्यपूर्ण था। उन्होंने कहा, 'जोर्डन के लिए इतना शानदार प्रदर्शन करने के बाद हमारी टीम के प्रोटोकॉल का उल्लघंन करना दुर्भाग्यपूर्ण है।'
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पर जुर्माना
कोरोना वायरस महामारी के कारण लागू पृथकवास के नियमों को तोड़कर नाई की दुकान में जाने के लिए नेशनल रग्बी लीग (एनआरएल) के खिलाड़ी तेविता पेंगई जूनियर पर 30 हजार ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (21350 अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना लगाया गया है और उन्हें टीम के जैविक रूप से सुरक्षित माहौल से जाने को कहा गया है।
ऑस्ट्रेलिया में पिछले एक हफ्ते में एनआरएल और अन्य फुटबॉल खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के बीच नियम तोड़ने का क्रम चल रहा है। एनआरएल के अंतरिम प्रमुख एंड्रयू एब्डो ने बुधवार को कहा कि ब्रिसबेन ब्रोनकोस के फारवर्ड तेविता ने कई नियमों का उल्लंघन किया और नियमों का अनादर किया।
एब्डो ने कहा कि तेविता तब तक जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में अन्य खिलाड़ियों के साथ नहीं आ पाएंगे जब तक कि वह एनआरएल को संतुष्ट नहीं कर देते कि वह जैविक रूप से सुरक्षित माहौल से जुड़े नियमों का पालन करेंगे।