Ranji Trophy Round Up: सेना को जीत के लिए 212 रन का लक्ष्य, छत्तीसगढ़ को सात अंक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले के दूसरे दिन सेना को 97 रन पर समेटने के बाद दूसरी पारी 133 रन पर समाप्त की। दिलचस्प रहा कि मुकाबले में दो दिन के अंदर 30 विकेट गिर गये। इससे सेना को जीत के लिए 212 रन का लक्ष्य मिला। सेना ने सुबह छह विकेट पर 63 रन से आगे खेलना शुरू किया और 34 रन के अंदर चार विकेट गंवा दिए। इससे उसने पहली पारी में 97 रन बनाए। गेंदबाजों ने हरियाणा को दूसरी पारी में भी झकझोर दिया और उसके केवल पांच बल्लेबाज ही दोहरे अंक तक पहुंच सके। सेना के सच्चिदानंद पांडे ने 54 रन देकर चार विकेट हासिल किए। पहली पारी में पांच विकेट झटकने वाले दिवेश पठानिया और अर्जुन शर्मा को तीन तीन विकेट मिले।
रायपुर में छत्तीसगढ़ ने दूसरे दिन त्रिपुरा को पारी और 28 रन से शिकस्त देकर सात अंक अपनी झोली में डाले। छत्तीसगढ़ ने त्रिपुरा को पहली पारी में 53 रन पर समेटने के बाद 225 रन बनाए। इसके बाद उसने दूसरी पारी में त्रिपुरा को 144 रन पर समेट दिया। कटक में ओड़िशा ने जम्मू कश्मीर की पहली पारी 124 रन पर समेटने के बाद स्टंप तक सात विकेट पर 136 रन बना लिये। राजेश धूपर छह और राजेश मोहंती चार रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। पहली पारी में 161 रन बनाने वाली ओड़िशा टीम अभी 173 रन से बढ़त बनाए है।
रांची में झारखंड के खिलाफ उत्तराखंड ने छह विकेट पर 213 रन से खेलना शुरू किया, लेकिन उसने 14 रन के अंदर बचे चारों विकेट गंवा दिए। झारखंड ने सलामी बल्लेबाज कुमार देवब्रत की 85 रन और कुमार सूरज की 57 रन की अर्धशतकीय पारी की मदद से पहली पारी में 298 रन बनाए। देवब्रत ने 132 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके ओर एक छक्के की मदद से 85 रन बनाए। वहीं सूरज ने 57 रन के लिए 77 गेंद का सामना किया, जिसमें सात चौके और दो छक्के जड़े थे। उत्तराखंड के गेंदबाज मयंक मिश्रा ने 100 रन देकर पांच विकेट झटके जबकि आकाश मधवाल को तीन और गौरव सिंह को दो विकेट मिले। स्टंप तक उत्तराखंड ने दूसरी पारी में तीन ओवर में बिना विकेट गंवाए चार रन बना लिए।
गुवाहाटी में असम ने महाराष्ट्र के खिलाफ एक विकेट पर 77 रन से आगे खेलते हुए पहली पारी 244 रन पर समाप्त की। रिशव दास ने रात की 33 रन की पारी को अर्धशतक में तब्दील करते हुए 94 रन की पारी खेली, जिसमें 11 चौके और एक छक्का जड़ा था। स्टंप तक महाराष्ट्र ने जय पांडे के नाबाद 52 रन से दूसरी पारी में दो विकेट गंवाकर 106 रन बना लिए थे। उनके साथ दूसरे छोर पर कप्तान अंकित बावने सात रन बनाकर डटे थे।
वहीं दिल्ली में खेले जा रहे मैच में आदित्य ठाकरे के सात विकेट की मदद से विदर्भ ने दूसरे दिन मेजबान को पहली पारी में 163 रन पर समेटकर 16 रन की बढत ले ली। विदर्भ के पहली पारी के 179 रन के जवाब में दिल्ली ने चार विकेट पर 41 रन से आगे खेलना शुरू किया, उसके लिए अनुज रावत ने 37 और सिमरजीत सिंह ने 23 रन बनाए जबकि छह बल्लेबाज दोहरे अंक तक भी नहीं पहुंच सके। ठाकरे ने 17.1 ओवर में 55 रन देकर सात विकेट लिए। विदर्भ ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 35 रन बना लिए थे।
वहीं वलसाड़ में अनमोल मलहोत्रा के शतक के बावजूद पंजाब की टीम गुजरात के खिलाफ पहली पारी में 52 रन से पिछड़ गई। गुजरात के पहली पारी के 281 रन के जवाब में पंजाब की टीम 229 रन ही बना सकी। मलहोत्रा ने 180 गेंद में 20 चौकों और एक छक्के की मदद से 119 रन बनाए। कप्तान मनदीप सिंह ने 56 रन का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा पंजाब का कोई बल्लेबाज नहीं चल सका। गुजरात के लिए अर्जन नागवस्वाला ने पांच विकेट लिए। गुजरात ने दूसरी पारी में बिना किसी नुकसान के 23 रन बना लिए थे।