मुंबई को पहली जीत की आस, रॉयल्स होंगे सामने
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक ओर राजस्थान रॉयल्स की टीम जो अपने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सफलता के रथ पर सवार है तो दूसरी ओर मुंबई इंडियंस की टीम जिसे अपने शुरुआती दोनों मैचों में शिकस्त का सामना करना पड़ा।
अहमदाबाद में आईपीएल-8 में मंगलवार को जब यह दोनों टीमें आमने-सामने होंगी तो सचिन तेंदुलकर, रिकी पोंटिंग जैसे रणनीतिकारों की मौजूदगी में मुंबई हर हाल में जीत का खाता खोलना चाहेगी।
अपने पिछले मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स को उसी के घर में आखिरी गेंद पर हराने के बाद राजस्थान का हौसला काफी बुलंद है। टीम के लिए अच्छी बात यह है कि हर मैच में नया नायक निकलकर सामने आ रहा है। किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ पहले मैच में जहां जेम्स फॉकनर ने टीम को जीत दिलाई, वहीं दूसरे मैच में दिल्ली के खिलाफ दीपक हुड्डा ने राजस्थान को विजयी मंजिल तक पहुंचाया।
शेन वाटसन के स्थान पर टीम की कप्तानी कर रहे स्टीवन स्मिथ अभी तक इस नई भूमिका में पूरी तरह खरे उतरे हैं। हालांकि टीम के बल्लेबाजों का एकजुट प्रदर्शन अभी तक सामने नहीं आ सका है। खासकर शीर्ष क्रम नियमित तौर पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका है।
बल्लेबाजों की नाकामी बनी मुंबई के लिए चिंता का सबब
टूर्नामेंट में मुंबई इंडियंस की इससे खराब शुरुआत नहीं हो सकती थी। बल्लेबाजी इस टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता है। पहले मैच में रोहित शर्मा और दूसरे मुकाबले में हरभजन सिंह को छोड़ दिया जाए तो अन्य बल्लेबाज अपेक्षाओं के आसपास भी प्रदर्शन नहीं कर सके हैं।
खासकर ऑस्ट्रेलियाई ओपनर एरोन फिंच, कीरोन पोलार्ड और अंबाती रायडू ने निराश किया है। न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन ने भले ही पहले मैच में अर्धशतक लगाया लेकिन वह अपनी सर्वश्रेष्ठ लय से कोसों दूर रहे।
हालांकि बेशक मौजूदा फॉर्म और लय के हिसाब से राजस्थान को जीत का दावेदार माना जा रहा हो, लेकिन सितारों से सजी मुंबई की टीम को एकदम से खारिज नहीं किया जा सकता। यहां तक कि पिछले सत्र में भी मुंबई की टीम लगातार पांच मैच हारी थी, लेकिन अंत में वह प्लेऑफ में जगह बनाने में कामयाब रही थी।
टीम मुंबई इंडियंसः रोहित शर्मा (कप्तान), एरोन फिंच, अंबाती रायडू, अभिमन्यु मिथुन, आदित्य तारे, पार्थिव पटेल, कीरोन पोलार्ड, कोरी एंडरसन, लसित मलिंगा, हरभजन सिंह, जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड, मर्चेंट डी लांगे, पवन सुयाल, श्रेयस गोपाल, लेंडल सिमंस, प्रज्ञान ओझा, मिचेल मैक्लेनाघन, ब्लिजार्ड, अक्षय वाखारे, नितीश राणा, सिद्धेश लाड, हार्दिक पांड्या, जगदीशा सुचित, उन्मुक्त चंद और आर विनय कुमार।
टीम राजस्थान रॉयल्सः शेन वाटसन (कप्तान), अभिषेक नायर, अजिंक्य रहाणे, अंकित नगेंद्र, बेन कटिंग, दीपक हुड्डा, धवल कुलकर्णी, दिशांत याज्ञनिक, जेम्स फॉकनेर, केन रिचर्डसन, करुण नायर, प्रवीण तांबे, राहुल तेवतिया, रजत भाटिया, संजू सैमसन, स्टीवन स्मिथ, स्टुअर्ट बिन्नी, टिम साउदी, विक्रमजीत मलिक, क्रिस मौरिस, जुआन थेरोन, बरिंदर सिंह, दिनेश सालुंके, सागर त्रिवेदी और प्रदीप साहू।