पाकिस्तान ने 13 साल बाद घर में जीती टेस्ट सीरीज, टेस्ट चैंपियनशिप में तीसरे नंबर पर पहुंचा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान ने एक दशक से भी ज्यादा समय के बाद अपने घर में कोई टेस्ट मैच जीता है। दरअसल, आतंकवादी हमले के बाद दुनिया के इस हिस्से में कोई भी देश दौरा करने से कतराता था, लेकिन अब श्रीलंका के खिलाफ अपने बल्लेबाजों के रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के बाद नसीम शाह (5/31) की अगुवाई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से पाकिस्तान ने 476 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को 212 रन पर समेट दिया।
पाकिस्तान को 13 साल बाद घरेलू मैदान पर टेस्ट में जीत मिली है। पिछली बार कराची में 2006 में खेले गए टेस्ट में उसने वेस्टइंडीज का सफाया किया था। श्रीलंका के खिलाफ रन के लिहाज से यह पाकिस्तान की दूसरी बड़ी जीत है। इससे पहले वह 1994 में कोलंबो में श्रीलंका को 301 रन से रौंद चुका है।
खेल के चौथे दिन श्रीलंका को जीत के लिए 264 रन की दरकार थी जबकि उसके तीन विकेट शेष थे। मगर पांचवें दिन के तीसरे ही ओवर में पाक गेंदबाजों ने श्रीलंका का बोरिया बिस्तर बांध दिया। शतकवीर और सीरीज में दो सेंचुरी ठोकने वाले आबिद अली को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज से नवाजा गया। याद हो कि रावलपिंडी में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर छूटा था।
12 साल बाद शीर्ष चार बल्लेबाजों के पारी में शतक
पहली पारी में 191 रन पर ऑलआउट होने के बाद इस तरह वापसी करना पाकिस्तान की जीवटता और लड़ने की भावना को भी प्रदर्शित करता है। मैच में अजहर अली बतौर कप्तान अपने पहले ही मैच को न सिर्फ जीतने में कामयाब रहे बल्कि शतक भी जमाया। आबिद अली (174) और शान मसूद (135) के साथ-साथ बाबर आजम (100*) ने भी इस मैच की दूसरी पारी में शतक जड़ा। पाकिस्तान ने अपनी दूसरी पारी तीन विकेट पर 555 रन बनाकर घोषित कर दी। टेस्ट इतिहास में दूसरी बार किसी टीम के शीर्ष चार बल्लेबाजोें ने एक पारी में शतक जड़े। इससे 12 साल पहले भारतीय बल्लेबाजों ने 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में यह उपलब्धि हासिल की थी। अजहर का यह 16वां, जबकि बाबर का यह पिछले चार मैचों में तीसरा जबकि कुल चौथा टेस्ट शतक है। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 148 रन जोड़े। मोहम्मद रिजवान 21 रन बनाकर नाबाद रहे।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में तीसरे नंबर पर पाकिस्तान
इस ऐतिहासिक जीत के साथ पाकिस्तान विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गया। चार मैच में 1 जीत, 1 हार और दो ड्रॉ और 80 अंक के साथ पाकिस्तान तीसरे क्रम पर पहुंच चुका है। आठ मैच में पांच जीत, दो हार और 280 पॉइंट्स के साथ ऑस्ट्रेलिया दूसरे पायदान पर है तो भारतीय क्रिकेट टीम की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में बादशाहत बरकरार है। भारत ने अपने सभी सात मैचों में जीत हासिल की और 360 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल के टॉप पर है।
Pakistan climb to third in the World Test Championship table ⬆️#PAKvSL pic.twitter.com/cNP6YEAVoF
— ESPNcricinfo (@ESPNcricinfo) December 23, 2019