सीरीज हार के बाद पाक कप्तान ने जताई निराशा, बोले- नहीं समझ सके यहां के हालात
आस्ट्रेलियाई टीम ने दूसरे डे-नाइट टेस्ट के चौथे दिन ही पाकिस्तान को पारी और 48 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली।
पहली पारी में 287 रन से पिछड़ने के बाद फॉलोऑन खेल रही पाकिस्तान की टीम नाथन लियोन (69/5) और जोश हेजलवुड (63/3) की घातक गेंदबाजी के सामने दूसरी पारी में भी 239 रन ही बना सकी। बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने वॉर्नर के तिहरे शतक की मदद से पहली पारी में 589 रन पर पारी घोषित की थी।
इस हार के साथ ही पाकिस्तान ऑस्ट्रेलिया में लगातार 14 टेस्ट हार चुका है। बता दें कि ब्रिसबेन में खेले गए पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को एक पारी और पांच रन से हराया था। मैच और सीरीज में मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान अजहर अली ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में अपना बदतर टेस्ट रिकॉर्ड सुधारने के लिए पाकिस्तान को हालात के अनुरूप जल्दी ढलना और साझेदारियां बनाना सीखना होगा।
उन्होंने कहा, 'ए टीमों को अधिक से अधिक यहां दौरा करना चाहिए ताकि हालात को समझ सकें। इससे उन्हें फायदा मिलेगा। बल्लेबाजी के लिए यह दुनिया में सर्वश्रेष्ठ जगह है। यदि आप उछाल और रफ्तार का सामना कर सकें तो रन बना लेंगे। इसके लिए साझेदारियां काफी अहम है। हमें टेस्ट मैच जीतने के लिए 20 विकेट भी लेने होंगे। इसके लिये हमें हालात को समझकर गेंदबाजी करनी होगी।'
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भी पाकिस्तान के कप्तान अजहर अली पर सवाल उठाए थे। एक टीवी चैनल पर दिए इंटरव्यू में पोंटिंग ने कहा था, 'अजहर बड़ी गलतियां कर रहे हैं। उनको सिर्फ 16 फर्स्ट क्लास मैचों में कप्तानी का अनुभव है। उन्हें काफी सीखना होगा। युवा कप्तान हैं और उनके गेंदबाज भी युवा हैं। उनको कैसे इस्तेमाल करना है, ये अली को नहीं मालूम। ब्रिसबेन में अजहर ने अनगिनत गलतियां कीं। वह टेस्ट कप्तानी के लिए वो सही नहीं हैं।'