वर्ल्ड कप में आयरलैंड से भी खराब हालत में हैं पाक और इंग्लैंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
क्राइस्टचर्च में आज इंग्लैंड और स्कॉटलैंड के बीच मुकाबला खेला गया जो टूर्नामेंट का 14वां मैच रहा। इस मैच के साथ ही वर्ल्ड कप में सभी 10 टेस्ट टीमों ने कम से कम 2-2 मैच तो खेल ही लिए हैं जिसमें सबसे खराब हालत इंग्लैंड और श्रीलंका की है। पूल-बी में शामिल आयरलैंड और यूएई ने ही अभी तक एक-एक मैच खेले हैं।
शुरुआती 14 मैच खेले जाने के बाद पूल-ए में शामिल 2 बड़ी टीमों की स्थिति बेहद खराब है। इस पूल में दोनों मेजबान न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के अलावा श्रीलंका, बांग्लादेश, इंग्लैंड, अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड शामिल हैं।
पिछली 2 बार की वर्ल्ड कप फाइनलिस्ट टीम रही श्रीलंका अभी भी संकटों से जूझ रही है। श्रीलंका ने भले ही रविवार को अफगानिस्तान को हराकर टूर्नामेंट में अपना खाता खोल लिया हो लेकिन यह सभी का पता है कि उसे इस कमजोर टीम को हराने में कितना पसीना बहाना पड़ा था। वही हाल इंग्लैंड का है जिसने सोमवार को अपने तीसरे मैच में जाकर खाता खोला। इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड को हराकर अब तालिका में पांचवें स्थान पर जगह बना ली है। वह इस तालिका में सिर्फ अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड से ऊपर है जो 2-2 मैच खेलकर एक भी मैच नहीं जीत सके।
आयरलैंड अपने पूल में तीसरे स्थान पर है जबकि श्रीलंका (चौथे), इंग्लैंड (पांचवें) और पाकिस्तान (सातवें) अपने-अपने पूल में इस उलटफेर में माहिर टीम से काफी नीचे है।
इस वर्ल्ड कप ने बड़ी टीमों को दिन में दिखा दिए 'तारे'
पूल-बी में वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया के अलावा वेस्टइंडीज, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, दक्षिण अफ्रीका, यूएई और पाकिस्तान शामिल हैं। भारत अपने दोनों बड़े मुकाबले जीतकर अंकतालिका में शीर्ष पायदान पर काबिज है। इस ग्रुप में सबसे बुरी स्थिति पाकिस्तान की है जो अपने दोनों ही मैच हार गया। पहले मैच में भारत से हारने के बाद पाक को विंडीज ने करारी शिकस्त देते उलटफेर से वापसी की थी। विंडीज टीम 2 मैचों में एक जीत और एक हार से दूसरे स्थान पर है।
जबकि तीसरे स्थान पर उलटफेर करने वाली आयरलैंड की टीम है। इस आयरिश टीम ने अपने पहले मैच में 2 बार की चैंपियन रही विंडीज को हराकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया था लेकिन बाद में कैरेबियाई टीम पाक को रौंदकर फॉर्म में वापसी करने में कामयाब हो गई और तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। 1992 का वर्ल्ड कप विजेता पाक अपने दोनों मैच हारकर पूल-बी में यूएई जैसी टीम से भी नीचे है।
हार-जीत की औसत से देखा जाए तो पूर्व चैंपियन और पिछली 2 बार की फाइनलिस्ट श्रीलंका, इंग्लैंड और पाकिस्तान की हालत बेहद खराब है। वहीं इस बार खिताब की प्रबल दावेदार कही जा रही दक्षिण अफ्रीका की स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है। वह अंकतालिका में अपने पूल में आयरलैंड और जिम्बाब्वे जैसी टीमों से भी नीचे चल रही है। 7 टीमों की तालिका में अफ्रीकी टीम अभी पांचवें पायदान पर हैं, जबकि आयरलैंड तीसरे और जिम्बाब्वे चौथे नंबर पर है।
हालांकि सभी टीमों को अभी कम से कम 3 से 5 मैच और खेलने हैं, ऐसे में कोई भी टीम टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुई है। लेकिन पूल-बी में आयरलैंड एक उलटफेर कर चुका है इसलिए इस ग्रुप में एक और उलटफेर हुआ तो किसी बड़ी टीम को बाहर का रास्ता नापना पड़ सकता है।
साथ ही पूल-ए में जहां बांग्लादेश बढ़िया कर रही है तो पूल-बी में आयरलैंड। इन उलटफेर करने वाली टीमों की चुनौतियों से पार पाते हुए श्रीलंका, इंग्लैंड और पाकिस्तान को आगे बढ़ने का रास्ता तलाशना होगा।