श्रीलंका ए तीसरी बार बना एशिया का बादशाह: फाइनल में पाकिस्तान ए को एक विकेट से हराया, मैच में क्या-क्या हुआ?
श्रीलंका ए ने राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के फाइनल में पाकिस्तान ए को एक विकेट से हराकर तीसरी बार खिताब जीत लिया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 216 रन बनाए थे। शाहजेब खान ने 60 रन की पारी खेली। जवाब में श्रीलंका ने 41.3 ओवर में नौ विकेट खोकर 220 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया।
विस्तार
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने महज 13 रन के स्कोर पर पहला विकेट गंवा दिया। माज सदाकत पांच रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद शाहजेब खान ने शामल हुसैन के साथ पारी को संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 48 रन की साझेदारी हुई। हुसैन ने 43 गेंदों में छह चौकों की मदद से 40 रन बनाए। इसके बाद शाहजेब ने हसन नवाज के साथ तीसरे विकेट के लिए 31 रन और कप्तान अब्दुल समद के साथ चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। कप्तान समद ने 43 गेंदों में 33 रन का योगदान दिया। शाहजेब खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 60 रन बनाए, जिसमें चार चौके शामिल रहे।
हालांकि, शाहजेब के आउट होने के बाद पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई। टीम ने 167 रन तक पहुंचते-पहुंचते आठ विकेट गंवा दिए। ऐसे मुश्किल समय में रोहेल नजीर और सुफियान मुकीम ने नौवें विकेट के लिए 46 रन की अहम साझेदारी की। नजीर ने 43 गेंदों में 37 रन बनाए, जिसमें दो छक्के और तीन चौके शामिल थे। इस योगदान की बदौलत पाकिस्तान ए 50 ओवर में नौ विकेट पर 216 रन बनाने में सफल रहा। श्रीलंका ए की ओर से रविंदु फर्नांडो और गरुका संकेथ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट हासिल किए। वहीं, वानुजा सहान को दो और निपुण धनंजय को एक सफलता मिली।
𝐀 𝐤𝐧𝐨𝐜𝐤 𝐨𝐟 𝐫𝐞𝐚𝐥 𝐬𝐮𝐛𝐬𝐭𝐚𝐧𝐜𝐞 👏 #DPWorldMensAsiaCupRisingStars2026 #GrandFinale #SLvPAK #ACC https://t.co/zU0e8ObAgH
— Asian Cricket Council (@ACCMedia1) November 29, 2026
217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका-ए को सिनेत जयवर्धने और लसित क्रूसपुल्ले ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़े। जयवर्धने 13 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए, जबकि क्रूसपुल्ले ने 31 गेंदों में 26 रन की पारी खेली। इसके बाद निशान मदुश्का ने मोर्चा संभाला और कप्तान पवन रत्नायके के साथ तीसरे विकेट के लिए 80 रन की अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रत्नायके 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
हालांकि, सुफियान मुकीम ने एक ही ओवर में दो विकेट लेकर पाकिस्तान की वापसी कराने की कोशिश की। इसके बावजूद मदुश्का ने शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 95 गेंदों में दो छक्कों व छह चौकों की मदद से 87 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद श्रीलंका की पारी लड़खड़ा गई और 198 रन तक टीम के नौ बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे।
आखिरी दो विकेट शेष रहते श्रीलंका को जीत के लिए 19 रन की जरूरत थी। ऐसे नाजुक मौके पर लाहिरू समराकून ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए गरुका संकेथ के साथ 22 रन की अटूट साझेदारी की और टीम को रोमांचक जीत दिला दी। श्रीलंका-ए ने 41.3 ओवर में नौ विकेट पर 220 रन बनाकर एक विकेट से मुकाबला अपने नाम किया और खिताब जीत लिया। पाकिस्तान की ओर से अली रजा ने सर्वाधिक तीन विकेट झटके, जबकि सुफियान मुकीम को दो विकेट मिले। हसन नवाज, माज सदाकत और अहमद दानियाल ने एक-एक विकेट हासिल किया।
Madushka saved his best for the biggest stage 💪🙌 #DPWorldMensAsiaCupRisingStars2026 #GrandFinale #SLvPAK #ACC https://t.co/NaWwN6K10I
— Asian Cricket Council (@ACCMedia1) November 29, 2026
राइजिंग स्टार्स एशिया कप में श्रीलंका ए का यह तीसरा खिताब है। इससे पहले टीम ने 2017 और 2018 में भी चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। इसके अलावा श्रीलंका की टीम 2013 और 2024 में उपविजेता रही थी। वहीं, पाकिस्तान ए की नजरें रिकॉर्ड चौथी बार इस टूर्नामेंट का खिताब जीतने पर थीं, लेकिन फाइनल में उसे करीबी हार का सामना करना पड़ा। इस तरह श्रीलंका ए ने एक विकेट से रोमांचक जीत दर्ज करते हुए एक बार फिर एशियाई क्रिकेट में अपनी ताकत साबित की।
THE LIONS HAVE DONE IT 🏆🦁 A collective effort with the ball, a special knock from Madushka and a championship to show for it 💛 #DPWorldMensAsiaCupRisingStars2026 #GrandFinale #SLvPAK #ACC https://t.co/jHbrnpx11L
— Asian Cricket Council (@ACCMedia1) November 29, 2026
A long time coming. A moment worth the wait 🏆 𝐓𝐇𝐄 𝐋𝐈𝐎𝐍𝐒 𝐀𝐑𝐄 𝐂𝐇𝐀𝐌𝐏𝐈𝐎𝐍𝐒 🇱🇰 #DPWorldMensAsiaCupRisingStars2026 #GrandFinale #SLvPAK #ACC https://t.co/OXTOztkWpI
— Asian Cricket Council (@ACCMedia1) November 29, 2026
