फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   ODI WC: Team India to play World Cup matches at maximum nine venues, face Pakistan in Ahmedabad

ODI WC: सर्वाधिक नौ आयोजन स्थलों पर विश्व कप के मैच खेलने उतरेगी टीम इंडिया, अहमदाबाद में पाकिस्तान से सामना

Wed, 28 Jun 2023 05:22 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Wed, 28 Jun 2023 05:22 PM IST
सार

विश्व कप का ऐसा कार्यक्रम तैयार किया गया है, जिसमें मेजबान होने के बावजूद भारतीय टीम को सबसे ज्यादा यात्रा तो करनी ही पड़ेगी, साथ ही नौ विभिन्न स्टेडियम की अलग तरह की परिस्थितियों में भी खेलना पड़ेगा।

विज्ञापन
ODI WC: Team India to play World Cup matches at maximum nine venues, face Pakistan in Ahmedabad
भारतीय टीम - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

आईसीसी की ओर से जारी वनडे विश्व कप के कार्यक्रम में टीम इंडिया इकलौती ऐसी टीम है, जो नौ शहरों में अपने मैच खेलने उतरेगी। विश्व कप में 46 दिनों में 48 मैच 10 शहरों में होने हैं। इनमें हैदराबाद को छोड़कर भारतीय टीम चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद, पुणे, धर्मशाला, लखनऊ, मुंबई, कोलकाता और बंगलूरू में अपने मुकाबले खेलेगी। लखनऊ का भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम और धर्मशाला का हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम पहली बार विश्व कप की मेजबानी करेंगे।
विज्ञापन


1987 के पहले मैच में भारत से जीता था ऑस्ट्रेलिया
विश्व कप का ऐसा कार्यक्रम तैयार किया गया है, जिसमें मेजबान होने के बावजूद भारतीय टीम को सबसे ज्यादा यात्रा तो करनी ही पड़ेगी, साथ ही नौ विभिन्न स्टेडियम की अलग तरह की परिस्थितियों में भी खेलना पड़ेगा। भारत का पहला ही मुकाबला पांच बार कि विश्व विजेता ऑस्ट्रेलिया के साथ पांच अक्तूबर को चेन्नई में है। १९८७ के विश्व कप में भी भारत का पहला मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के साथ हुआ था। इस बेहद रोमांचक मुकाबले में स्टीव वॉ की ऑस्ट्रेलियाई टीम ने कपिल देव की अगुवाई वाली भारतीय टीम को 1 रन से मात दी थी। यही कारण है कि भारत को पहले ही मुकाबले से रंग जमाना पड़ेगा।
विज्ञापन


भारत का तीसरा मैच पाकिस्तान से
ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत को अफगानिस्तान के खिलाफ 11 अक्तूबर को दिल्ली की धीमी पिच पर खेलना है। अफगानिस्तान के पास राशिद खान, नूर अहमद, मुजीबुरहमान जैसे मिस्ट्री स्पिनर हैं। दिल्ली में अफगानिस्तान के स्पिनरों का सामना करने में टीम इंडिया को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। भारत को तीसरा मैच अहमदाबाद में 15 अक्तूबर को चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है। हालांकि वनडे विश्व कप में भारत का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ सौ प्रतिशत रहा है। पाकिस्तान ने आज तक वनडे विश्व कप में भारत को नहीं हराया है, लेकिन पाकिस्तान के किसी भी मैच को हल्के में नहीं लिया जा सकता है। ऐसे में भारत को यहां भी पूरा जोर लगाना होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

दो टीमें क्वालिफायर से करेंगी प्रवेश

विश्व कप के लिए आठ टीमें मेजबान भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, द. अफ्रीका, इंग्लैंड, अफगानिस्तान सीधे प्रवेश पा चुकी हैं। दो अन्य टीमें जिंबाब्वे में चल रहे क्वालिफायर के जरिए विश्व कप में खेलेंगी। दो बार के विश्वविजेता वेस्टइंडीज और 1996 के विजेता श्रीलंका को क्वालिफायर में खेलना पड़ रहा है।

फाइनल का नया आयोजन स्थल नरेंद्र मोदी स्टेडियम
भारत ने इससे पहले 1987 और 2011 में वनडे विश्व कप की मेजबानी मिलकर की थी, लेकिन दोनों ही मौकों पर फाइनल भारत में आयोजित हुआ। 1987 में फाइनल कोलकाता ईडन गार्डन में हुआ। जहां ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को हराकर पहली बार चैंंपियन बनने का गौरव हासिल किया। 2011 में फाइनल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुआ, जहां भारत श्रीलंका को 28 रन से हराकर दूसरी बार चैंपियन बना। अब फाइनल 19 नवंबर को एक लाख 32 हजार दर्शकों की क्षमता वाले नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।

हम तेंदुलकर के लिए जीते थे, आप कोहली के लिए जीतो विश्व कप : सहवाग
आईसीसी की ओर से विश्व कप का कार्यक्रम जारी करने के मौके पर दिग्गज वीरेंद्र सहवाग ने कहा कि हमनें 2011 में विश्व कप सचिन तेंदुलकर के लिए जीता था। अब भारतीय टीम 2023 का विश्व कप विराट कोहली के लिए जीतकर दे। विराट भी सचिन के समकक्ष खड़े हैं। जिस तरह वह खेलते हैं, बात करते हैं और जो खेलने का जुनून उनके अंदर है, टीम को उन्हें यह विश्व कप जीतकर देना चाहिए। विराट मैदान पर अपना सौ प्रतिशत देते आए हैं। इस बार भी वह ऐसा करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। सहवाग ने यह भी कहा कि भारत 15 अक्तूबर को पाकिस्तान के खिलाफ जीतने का दावेदार है, क्यों कि उन्हें लगता है कि भारत पाकिस्तान के मुकाबले दबाव का सामना अच्छी तरह करता है। दोनों के बीच मैच में दबाव अपने चरम पर होता है।


अत्यधिक प्रतिस्पर्धी होगा विश्व कप
वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा- यह विश्व कप अत्यधिक प्रतिस्पर्धी होगा। खेल की गति बढ़ गई है। टीमें पहले से कहीं अधिक सकारात्मक होकर खेल रही हैं। यह प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है, जो उन्हें रोमांचक पल उपलब्ध कराएगा। हम इस अक्तूबर-नवंबर में अच्छी तैयारी के साथ मैदान पर उतरने और सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने के लिए उत्सुक हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed