Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Mumbai Indians announces new captain for Ipl 2027 all you need to know in hindi

आईपीएल 2027: हार्दिक का छूटा साथ, रोहित को फिर मिली कमान; आगामी सीजन से पहले मुंबई ने क्यों लिया फैसला?

Fri, 27 Nov 2026 05:46 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Fri, 27 Nov 2026 05:46 PM IST
सार

आईपीएल 2027 के लिए मुंबई इंडियंस ने नए कप्तान का एलान कर दिया है। हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स से ट्रे़ड होने के बाद टीम ने रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम की कमान सौंपी है। फ्रेंचाइजी ने यह फैसला क्यों लिया, नेतृत्व में बदलाव का क्या कारण रहा? आइए जानते हैं...

विज्ञापन
Mumbai Indians announces new captain for Ipl 2027 all you need to know in hindi
रोहित शर्मा - फोटो : ANI

विस्तार

आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला लिया है। फ्रेंचाइजी ने अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंप दी है। मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार (27 नवंबर) को इसकी आधिकारिक घोषणा की। करीब तीन सीजन बाद रोहित एक बार फिर टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। इससे पहले 2024 सीजन से पहले उनसे कप्तानी लेकर हार्दिक पांड्या को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। दरअसल, हार्दिक पांड्या हाल ही में ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स में शामिल हो गए हैं। उनके बदले पंजाब के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस का हिस्सा बने हैं। हार्दिक के टीम से जाने के बाद मुंबई को नए कप्तान की तलाश थी। अब फ्रेंचाइजी ने अपने सबसे सफल कप्तानों में शामिल रोहित शर्मा पर भरोसा जताया है।
विज्ञापन
Trending Videos

विज्ञापन
विज्ञापन

रोहित शर्मा ने कप्तानी मिलने पर क्या कहा?
दोबारा कप्तान बनाए जाने के बाद रोहित शर्मा ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा रही है और इस टीम की कप्तानी करना हमेशा उनके लिए गर्व की बात रही है। रोहित ने कहा, 'मुंबई इंडियंस मेरी जिंदगी का बहुत बड़ा हिस्सा रही है। इस टीम की अगुवाई करना हमेशा मेरे लिए गर्व की बात रही है। आने वाले सीजन को लेकर नीता भाभी और आकाश के साथ बातचीत काफी उत्साहजनक रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि हम इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।' उन्होंने आगे कहा कि वह 20वें सीजन की चुनौतियों के लिए तैयार हैं और टीम के प्रशंसकों को जश्न मनाने के कई मौके देना चाहते हैं। उनका ध्यान टीम के अंदाज में क्रिकेट खेलने, एकजुट होकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर रहेगा।

क्या बोले आकाश अंबानी?
मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाए जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि टीम के ऐतिहासिक 20वें सीजन में रोहित को ब्लू एंड गोल्ड की अगुवाई करते देखना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। रोहित का मुंबई इंडियंस और टीम के प्रशंसकों (पलटन) के साथ रिश्ता बेहद खास है। आने वाले सीजन को लेकर हुई बातचीत में सभी के बीच बेहतर प्रदर्शन करने और नई उपलब्धियां हासिल करने को लेकर उत्साह और महत्वाकांक्षा देखने को मिली। आकाश ने आगे कहा कि रोहित के अनुभव और नेतृत्व क्षमता के साथ जिस तरह की टीम तैयार की जा रही है, उससे आने वाले सीजन को लेकर काफी उम्मीदें हैं। टीम का लक्ष्य ऐसा क्रिकेट खेलना है, जिससे पलटन को गर्व महसूस हो और प्रशंसकों के साथ कई यादगार पल बनाए जा सकें।
 
क्या बोलीं नीता अंबानी?
मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में रोहित शर्मा की दोबारा वापसी पर टीम की मालकिन नीता अंबानी ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मुंबई इंडियंस ने 2011 में रोहित को अपनी टीम में शामिल किया था और उसी दिन से वह परिवार का हिस्सा बन गए। नीता अंबानी ने कहा कि उन्होंने रोहित को एक युवा खिलाड़ी से शानदार क्रिकेटर, चैंपियन और बेहतरीन लीडर बनते हुए देखा है। मुंबई इंडियंस के 20वें सीजन को खास बताते हुए उन्होंने कहा कि रोहित को एक बार फिर टीम की कप्तानी करते देखना सभी के लिए गर्व और खुशी का पल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रोहित का यह नया अध्याय टीम और करोड़ों प्रशंसकों के लिए कई यादगार पल लेकर आएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि पूरी मुंबई इंडियंस टीम और उसकी 'पलटन' रोहित के साथ खड़ी है और उनका समर्थन कर रही है।
विज्ञापन

Mumbai Indians announces new captain for Ipl 2027 all you need to know in hindi
अश्विनी कुमार-हार्दिक पांड्या - फोटो : IANS
रोहित की कप्तानी में मुंबई ने जीते पांच आईपीएल खिताब
रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। उन्होंने 2013 सीजन के बीच में रिकी पोंटिंग से कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली थी। उसी साल उनकी अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने पहली बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया। इसके बाद टीम ने चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी आईपीएल ट्रॉफी जीती। इस तरह उनकी अगुवाई में टीम कुल पांच बार चैंपियन बनी। वह एमएस धोनी के साथ आईपीएल इतिहास में पांच खिताब जीतने वाले कप्तानों में शामिल हैं। खास बात यह है कि रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने कभी आईपीएल फाइनल नहीं गंवाया। टीम ने 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट और 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स को सिर्फ एक रन से हराकर खिताब जीता था।

Mumbai Indians announces new captain for Ipl 2027 all you need to know in hindi
रोहित शर्मा - फोटो : PTI
रोहित का कप्तानी रिकॉर्ड रहा शानदार
रोहित शर्मा ने 2013 से 2023 तक कुल 11 सीजन में मुंबई इंडियंस की कप्तानी की। इस दौरान उन्होंने 158 मुकाबलों में टीम का नेतृत्व किया। इनमें से मुंबई ने 87 मैच जीते, जबकि 67 में उसे हार का सामना करना पड़ा। चार मुकाबले टाई रहे।

हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाने पर हुआ था विवाद
मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 से पहले रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को टीम की कमान सौंप दी थी। हार्दिक को गुजरात टाइटंस से ट्रेड के जरिए मुंबई में शामिल किया गया था। उन्होंने गुजरात को उसके पहले ही सीजन यानी 2022 में चैंपियन बनाया था। हालांकि, मुंबई के इस फैसले से प्रशंसक काफी नाराज हुए थे। हार्दिक को कई मैदानों पर दर्शकों की हूटिंग का सामना करना पड़ा। इसमें मुंबई का घरेलू मैदान वानखेड़े स्टेडियम भी शामिल था। हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का 2024 सीजन बेहद खराब रहा और टीम 14 में से सिर्फ चार मैच जीतकर अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही।

Mumbai Indians announces new captain for Ipl 2027 all you need to know in hindi
हार्दिक पांड्या - फोटो : IPL/BCCI
हार्दिक की कप्तानी में 2025 में सुधरा प्रदर्शन, लेकिन 2026 में फिर निराशा
आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने वापसी की। टीम ने शुरुआती खराब प्रदर्शन के बाद प्लेऑफ में जगह बनाई और चौथे स्थान पर रहते हुए एलिमिनेटर में गुजरात टाइटंस को हराया। हालांकि, क्वालिफायर-2 में उसे पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद आईपीएल 2026 में मुंबई का प्रदर्शन एक बार फिर निराशाजनक रहा। खिताब का दावेदार मानी जा रही टीम 14 मुकाबलों में सिर्फ चार जीत हासिल कर सकी और नौवें स्थान पर रही। हार्दिक की कप्तानी में तीन सीजन के दौरान यह मुंबई का दूसरा निचले दो स्थानों में रहना था।

Mumbai Indians announces new captain for Ipl 2027 all you need to know in hindi
अर्शदीप सिंह - फोटो : BCCI
अर्शदीप सिंह के आने से मजबूत होगी मुंबई की गेंदबाजी
11 नवंबर को हार्दिक पांड्या के पंजाब किंग्स में जाने और अर्शदीप सिंह के मुंबई इंडियंस में शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि हुई थी। अर्शदीप के आने से मुंबई का तेज गेंदबाजी आक्रमण मजबूत होने की उम्मीद है। वह अब जसप्रीत बुमराह के साथ टीम की गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे।

वहीं, रोहित शर्मा के सामने अब आईपीएल 2027 की नीलामी को ध्यान में रखते हुए मजबूत टीम तैयार करने की चुनौती होगी। इस दौरान उन्हें टीम के नए मुख्य कोच और अपने पूर्व साथी कायरन पोलार्ड के साथ मिलकर रणनीति बनानी होगी। रोहित के लिए यह वापसी इसलिए भी खास होगी, क्योंकि मुंबई इंडियंस पिछले छह सीजन से आईपीएल खिताब नहीं जीत सकी है। ऐसे में फ्रेंचाइजी और प्रशंसकों को उम्मीद होगी कि उनकी वापसी टीम के लिए फिर से खिताबी सफलता लेकर आएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed