IPL में 2 साल के बैन के बाद वापसी करने वाली चेन्नई सुपरकिंग्स ने मौजूदा सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। लगातार 9वीं बार प्लेऑफ में पहुंचने वाली धोनी ब्रिगेड से इस बार फैंस को टूर्नामेंट जीतने की उम्मीद होगी। अपने प्रशंसकों के बीच 'थाला' के नाम से मशहूर एमएस धोनी ने इस बार गजब का खेल भी दिखाया। मगर पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस श्रीसंथ ने धोनी के चाहने वालों के लिए एक खास संदेश भेजा है।
दरअसल, आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगने के बाद आजीवन बैन झेल रहे श्रीसंथ ने एसएस धोनी को 'थाला' बुलाए जाने पर कड़ा एतराज जताया है। उनका मानना है कि धोनी नहीं बल्कि पूरी दुनिया में 'थाला' के नाम से सुपरस्टार अजीत कुमार को ही जाना जाता है और इस नाम का इस्तेमाल सिर्फ उन्हीं के लिए ही किया जाना चाहिए।
श्रीसंथ का कहना है कि, 'मैंने ऐसे कई पोस्टर देखें, जिनमें धोनी को 'थाला' कहा गया। मैं उनकी बहुत इज्जत करता हूं। उनकी कप्तानी में 2011 विश्वकप भी जीता गया। मगर एमएस धोनी 'थाला' नहीं, क्योंकि अजीत कुमार ही इस सम्मान के लायक हैं। अजीत कुमार सिर्फ चेन्नई के थाला नहीं बल्कि पूरी दुनिया के बॉस हैं और मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं।
याद हो कि 2013 आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग के आरोप लगने के बाद बीसीसीआई ने उनपर आजीवन बैन लगा दिया था। हालांकि केरल हाईकोर्ट से उन्हें सभी आरोपों से मुक्त कर दिया गया। मगर बीसीसीआई उनसे बैन हटाने को लेकर तैयार नहीं। श्रीसंथ इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में लड़ाई लड़ रहे हैं।