भारतीय महिला क्रिकेटर मिताली राज ने कमाल कर दिया। गुरुवार को महिला वर्ल्ड टी-20 में आयरलैंड के खिलाफ अर्धशतक जमाते ही मिताली टी-20 इंटरनेशनल की सबसे बड़ी भारतीय खिलाड़ी बन गई।
भारतीय महिला टीम ने जोरदार खेल दिखाते हुए आयरलैंड को 52 रन से मात दी। यह वर्ल्ड टी-20 में भारतीय महिलाओं की जीत की हैट्रिक थी। इस मैच में मिताली राज ने एक खास रिकॉर्ड बनाते हुए टीम इंडिया के रोहित शर्मा और विराट कोहली सहित सभी पुरुषों को पीछे छोड़ दिया।
मैन ऑफ द मैच मिताली राज (51) की अर्धशतकीय पारी के दम पर आयरलैंड के सामने 146 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में आयरलैंड आठ विकेट के नुकसान पर 93 रन ही बना सकी। मिताली अब तक इस प्रारूप के 85 मैचों में 2283 रन बना चुकी हैं। उनके बाद ही किसी भारतीय खिलाड़ी (महिला+पुरुष) का नाम आता है।
पुरुषों के टी-20 रिकॉर्ड की बात की जाए तो सबसे ज्यादा टी-20 इंटरनेशनल रन बनाने के मामले में न्यूजींलैंड के मार्टिन गप्टिल सबसे आगे चल रहे हैं जिन्होंने 75 मैचों में 2271 रन बनाए हैं। इनके बाद भारत के रोहित शर्मा का नंबर है। रोहित ने 87 मैचों में 2207 रन बनाए हैं।
इसके बावजूद मिताली सबसे ज्यादा टी-20 इंटरनेशनल रन बनाने वाली बल्लेबाज नहीं है। वे इस सूची में चौथे नंबर पर हैं। न्यूजीलैड की सुजाना विल्सन बेट्स नंबर वन हैं, जिन्होंने 107 मैचों में 2996 रन बनाए। इसके बाद 90 मैचों में 2691 रन बनाने वाली वेस्टइंडीज की स्टैफीन रौक्सन टेलर हैं। तीसरे नंबर पर इंग्लैंड की चार्लेट मैरी एडवर्ड्स हैं जिन्होंने 95 मैचों में 2605 रन बनाए हैं।